अलीगढ़ के इगलास में प्रियंका गांधी के रोड शो में उमड़ी भीड़।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रभारी प्रियंका गांधी ने शनिवार को कस्बे में रोड शो कर इगलास विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी प्रीति धनगर के पक्ष में मतदान की अपील की। इस दौरान उन्होंने लोगों को पार्टी का संकल्प पत्र बांटा। रोड शो के दौरान कस्बावासियों ने प्रियंका गांधी पर फूलों की वर्षा की।
गोंडा रोड से प्रियंका गांधी का काफिला कस्बे में दोपहर एक बजकर 10 मिनट पर पहुंचा। कस्बे के चौराहे पर पहुंचकर प्रियंका गांधी ने पार्टी प्रत्याशी प्रीति धनगर को अपनी गाड़ी में बिठा लिया। प्रियंका गांधी हाथ जोड़कर व मुस्कराते हुए लोगों को अभिवादन कर रही थीं। इस दौरान पार्टी के संकल्प पत्र की प्रतियां भी लोगों को देते हुए आगे बढ़ीं। पुरानी तहसील रोड से उनका काफिला गुजरा तो दुकानों के बाहर खड़े होकर लोगों ने हाथ हिलाकर अभिवादन करने के साथ फूलों की वर्षा कर स्वागत किया। पुरानी तहसील रोड से काफिले के गोंडा रोड स्थित पथवारी मंदिर तक पहुंचने में करीब 30 मिनट का समय लग गया। पथवारी मंदिर पर प्रत्याशी को अपनी गाड़ी से उतारकर वह अलीगढ़ की ओर निकल गईं।
प्रत्याशी को पहचाने में करनी पड़ी मशक्कत
कस्बे के चौराहे पर रोड शो के लिए प्रियंका गांधी ने पार्टी प्रत्याशी को अपनी गाड़ी में बुलाया तो प्रत्याशी के साथ उनकी जेठानी भी उनकी गाड़ी में बैठ गईं। इस पर प्रियंका को पहचानने में मशक्कत करनी पड़ी कि दोनों में प्रत्याशी कौन है? कस्बे के लोग भी भ्रमित हुए कि प्रियंका गांधी के साथ बैठी दोनों महिलाओं में प्रत्याशी कौन है? कांग्रेस प्रत्याशी प्रीति धनगर की जेठानी का नाम भी प्रीति धनगर है। जेठानी रालोद से टिकट मांग रही थीं, लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिला तो देवरानी के पक्ष में चुनाव प्रचार में उतर गईं।