रोडवेज कर्मी के घर दिनदहाड़े लूट
- फोटो : महीपाल सिंह
महानगर के क्वार्सी बाईपास इलाके की महेशपुर फाटक स्थित नई आबादी में रोडवेजकर्मी नसीम अहमद के घर बुधवार को दिनदहाड़े बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दे डाला। बदमाश प्लाट देखने के बहाने घर में घुसे और रोडवेजकर्मी के दो बच्चों व मौसी को बंधक बनाकर नगदी, जेवरात आदि लूट ले गए। इस दौरान विरोध करने पर बड़े बेटे को पीटा भी गया। जाते समय तीनों को बदमाश बाथरूम में बंद कर गए। बाद में किसी तरह बंधनमुक्त हुए परिजनों ने शोर मचाकर पब्लिक एकत्रित की और पुलिस बुला ली। घंटों तक पुलिस जांच पड़ताल में जुटी रही।
अलीगढ़ डिपो में तैनात नसीम अहमद की खैर स्थित ससुराल में किसी रिश्तेदार का इंतकाल होने पर उनकी पत्नी गुलशन कई दिन से मायके में हैं। यहां बड़ा बेटा उरूज व छोटा बेटा गयान पढ़ने जाने के चलते रह रहे हैं। बुधवार को नसीम अहमद सुबह ड्यूटी चले गए थे।
कुछ दूरी पर नसीम अहमद की साली गुड़िया उर्फ शमां भी किराये पर रहती हैं। इन दिनों उन पर बच्चों की देखभाल की जिम्मेदारी है। बुधवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे एक ही बाइक पर चार युवक नसीम अहमद के दरवाजे पर आकर खड़े हो गए। इसी बीच गुड़िया अपने घर से बच्चों का हाल-चाल लेने नसीम के घर में आई तो दरवाजा खुल गया। बस दरवाजा खुलते ही चारों बदमाश खुद को किसी प्रापर्टी डीलर द्वारा भेजे जाने की बात कहते हुए पड़ोस के प्लाट का खरीदार बताकर अंदर घुसे चले आए।
अंदर आते ही बदमाशों ने दरवाजा बंद कर हथियार निकाल लिया। उन्होंने दोनों बेटों को एक बाथरूम में बंद कर दिया, जबकि एक में गुड़िया को बंद कर दिया। दो बदमाश उन तीनों की निगरानी में बाथरूमों पर खड़े रहे, जबकि दो ने पूरे घर की तलाशी ली। बदमाश करीब 25 मिनट तक घर के अंदर तलाशी लेते रहे और करीब 20 हजार रुपये नगद व 8-10 तोला सोने के जेवरात आदि ले गए। इस दौरान उरूज ने बदमाशों का विरोध किया तो उसे तमंचे की बटों से पीटा गया। बाद में बदमाश तीनों को बाथरूमों में ही बंद कर निकल गए।
बदमाशों के जाने के बाद किसी तरह उरूज ने बाथरूम का दरवाजा खोल बाहर आकर शोर मचाया। तब पब्लिक एकत्रित हुई और सूचना पर सीओ तृतीय राजीव सिंह व एसओ क्वार्सी विनोद यादव आदि पहुंच गए। बाद में खबर पर नसीम अहमद व खैर से गुलशन भी पहुंच गईं। पुलिस की जांच पड़ताल के बाद पीड़ित पक्ष ने तहरीर दे दी है।