क्वार्सी थाना क्षेत्र में स्कूल जा रही दो किशोरियों को खेत में खींच कर दुष्कर्म करने के प्रयास में भी नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके अलावा शहर में अलग अलग स्थानों से तीन किशोरियों के लापता होने के मामले प्रकाश में आए हैं। परिजनों ने किशोरियों के बहला फुलसा कर भगाने के नामजद मुकदमे दर्ज कराए हैं।
क्वार्सी क्षेत्र में दो सगी बहनों को खेत में खींच कर दुष्कर्म करने का प्रयास किया गया। दो बहनें सुबह स्कूल जा रही थीं। इसी बीच गांव के बाहर ही दो लड़कों ने किशोरियों को खींच लिया। शोरगुल मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हुए तो आरोपी भाग गए। इस मामले में परिजनों ने अरविंद निवासी पिखलौनी और राहुल निवासी बौरना के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
इसके अलावा शहर से तीन किशोरियां भी लापता हुई हैं। थाना क्वार्सी के त्रिलोक नगर निवासी एक किशोरी घर से लापता हो गई। परिजनों ने आसपास उसे तलाश किया लेकिन पता नहीं चला। रिश्तेदारी में भी पता किया लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। परिजनों ने इस मामले में इलाके के ही गोपाल, सचिन और चंद्रपाल खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
दूसरी घटना एडीए कालोनी थाना क्वार्सी में हुई। यहां पर भी किशोरी के लापता होने पर सिकंदराराऊ निवासी रवि और पनैठी निवासी राहुल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। तीसरी घटना सिविल लाइन इलाके में हुई। यहां पर बरूला मार्केट के पास से एक किशोरी लापता हो गई। इस मामले में भमोला निवासी जिया के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।