हादसे के बाद बरातियों से भरी हुई क्षतिग्रस्त जायलो
- फोटो : अमर उजाला
महानगर के दिल्ली-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रैक्टर ट्राली ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। बाइक पर बैठी महिला टक्कर से गिर गई। इससे उसके हाथ में लगी पांच माह की मासूम बच्ची छूटकर ट्रैक्टर के पहिये के नीचे आ गई।
इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर बच्ची का शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मृतका के पिता ने थाना सासनी गेट पुलिस को ट्रैक्टर ट्राली चालक के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने चालक को पकड़ लिया है।
मडराक के गांव केसोपुर गड़राना निवासी अरविंद पेशे से किसान हैं। अरविंद के मुताबिक बैंक कालोनी, गांधी पार्क स्थित उनकी ससुराल में शादी समारोह था। उसी में शामिल होने के लिए वह पांच माह की बेटी महक और पत्नी पूनम को बाइक से लेकर जा रहे थे। अलीगढ़-दिल्ली हाईवे पर पीछे से आते एक ट्रैक्टर ट्राली ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक से पत्नी और बच्ची गिर गए। इधर, बाइक सहित मैं भी गिर गया।
इस दौरान बच्ची पत्नी के हाथ से छूटकर सड़क पर जा गिरी और ट्रैक्टर के पहिये के नीचे आ गई। राहगीरों ने ट्रैक्टर और उसके चालक को पकड़ लिया। इधर, सूचना पर पहुंची पुलिस ने हमें निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां बच्ची को मृत घोषित कर दिया गया। इंस्पेक्टर गांधी पार्क के अनुसार हादसे में तहरीर मिल गई है। ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। चालक को हिरासत में ले लिया है। मुकदमा लिखा जा रहा है।