मथुरा के गांव दमगढ़ी एवं अलीगढ़ के पलाचंद गांव के सीमावर्ती जंगल में स्थित एक कुंए से बीस वर्षीय युवती का शव मिलते से इलाक में सनसनी फैल गई है। युवती के शरीर पर मिले कपड़े फटे हुए थे। इसको लेकर ग्रामीणों ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है। जबकि पुलिस ने जांच रिपोर्ट आने के बाद जानकारी देने की बात कही है।
रविवार देर रात पुलिस को ग्रामीणों ने कुएं में शव होने की सूचना दी थी। सोमवार की सुबह मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद कुछ युवकों को कुएं में उतार कर रस्सी के सहारे शव को बाहर निकाला गया। बताया गया कि तीस फिट गहरे कुएं में पड़े शव पर सर्प बैठा हुआ था।
इसलिए पुलिस को शव निकालने में काफी दिक्कत आईं। युवती ने नीली रंग की साड़ी पहन रखी थी। उसके हाथ में कलावा तथा अंगुली में मोती लगी अंगूठी थी। सीओ खैर ओपी सिंह के अनुसार, शव की शिनाख्त के लिए आसपास के गांवों में प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए दूसरे थानों में भी संपर्क किया गया है।