टप्पल थाने के गांव सालपुर में घर पर सो रही एक महिला और उसके कथित प्रेमी तांत्रिक की सोमवार को तड़के करीब चार बजे गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसके बाद आरोपी ने बाजना (मथुरा) पहुंचकर घर पर सो रहे तांत्रिक के भाई को भी गोली मार दी। उसे गंभीर हालत में आगरा में भर्ती कराया गया है। आरोपी युवक मृत महिला की बेटी का प्रेमी बताया जा रहा है। वह अपनी प्रेमिका के साथ हुई छेड़छाड़ को लेकर नाराज था। बाद में उसने टप्पल थाने पहुंचकर समर्पण कर दिया। देर शाम तक थाने में तहरीर नहीं पहुंची थी। आरोपी व मृत महिला दलित समाज के हैं।
हादसे की खबर पाकर आईजी डा. संजीव गुप्ता, एसएसपी राजेश पांडेय, एसपी देहात डा. यशवीर सिंह के साथ ही खैर विधायक अनूप प्रधान, ब्लाक प्रमुख पति ऋषिपाल सिंह आदि मौके पर पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने परिवार के सदस्यों के साथ ही गांव वालों से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार हरियाणा के पलवल जिले के थाना हसनपुर क्षेत्र में गांव नगला सहदेव (भरतगढ़) निवासी विजय अपनी पत्नी यशोदा उर्फ राधा एवं पांच बच्चों पूनम (18), अंजली (15), अजय (13), अजीत (8) और शिवम (5) के साथ टप्पल थाने के गांव सालपुर में आकर रहने लगा था।
विजय राजमिस्त्री है और ठेेके पर काम करने के कारण अक्सर दूर गांवों में कई-कई दिन रहता था। विजय के घर पर वैद्य एवं तंत्रमंत्र का काम करने वाले प्रताप उर्फ डिंपल और उसके भाई प्रभात उर्फ मोनू पुत्रगण खुशीराम निवासी जेवर, जिला गौतमबुद्ध नगर का आना जाना था। राधा गांव में उन्हें अपना चचेरा भाई बताती थी, जबकि हकीकत में आर्थिक तंगी के चलते उसके प्रताप और प्रभात से अवैध संबंध हो गए थे। इन लोगों की बुरी नजर राधा की बड़ी बेटी पूनम पर थी। वह पूनम से छेड़छाड़ भी कर चुके थे ।
पुलिस का कहना है कि पूनम 12वीं पास कर एक इंटर कॉलेज में पढ़ाने लगी थी। वहां गांव का ही स्वजातीय युवक प्रवेश (20) भी पढ़ाता था। पूनम और प्रवेश में प्रेम संबंध हो गए। इस बीच प्रताप और प्रभात पूनम पर अवैध संबंध का दबाव बढ़ाने लगे। उसने अपनी मां को जानकारी दी लेकिन मां खामोश रही। तीन दिन पहले पूनम ने यह बात अपने प्रेमी प्रवेश को बताई। इससे आक्रोशित प्रवेश सोमवार को तड़के पहर करीब चार बजे विजय के घर में घुसा और चारपाई पर सो रहे प्रताप एवं राधा की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद वह सीधे बाजना पहुंचा, और वहां घर पर सो रहे प्रभात के गोली मार दी जो कि उसके जबड़े में लगी है। प्रभात को आगरा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहां से सीधे टप्पल थाने पहुंचकर आरोपी प्रवेश ने समर्पण कर दिया। शेष खबरें पेज पांच पर
तंत्रमंत्र एवं वैद्य का काम करने वाले प्रताप और प्रभात से राधा के संबंध थे। वह दोनों पूनम से छेड़खानी कर चुके थे और अवैध संबंध बनाने के लिए दबाव बना रहे थे। इस बात की जानकारी पूनम ने तीन दिन पहले अपने प्रेमी प्रवेश को दी। इस पर गुस्साए प्रवेश ने राधा और प्रताप की हत्या कर दी, जबकि प्रभात गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुआ है। आरोपी प्रवेश से अभी पूछताछ जारी है।
- राजेश पांडेय, एसएसपी