चंडौस के नक्सली स्लीपर सेल के नोएडा में पकड़े जाने के बाद गभाना इलाके में नक्सलियों का नया शिगूफा चर्चाओं में आ गया है। यहां लक्ष्मीराज इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य को कथित नक्सली कमांडर की ओर से मिली चिट्ठी में पांच करोड़ की रंगदारी मांगी गई है और न देने पर विद्यालय स्टाफ, खुद प्रधानाचार्य और छात्रों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। खास बात है कि इस खत में यह भी उल्लेख है कि यह रकम उन्हें किन-किन माध्यमों से नक्सली कमांडर तक पहुंचानी है। खत के बाद प्रधानाचार्य व स्टाफ दहशत में है। फिलहाल पुलिस इसे शरारती तत्व की हरकत मानकर जांच कर रही है।
दो दिन पहले डाक के जरिये मिला गभाना के लक्ष्मीराज इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य को संबोधित यह पत्र रविकांत जिला कमांडर नक्सल संगठन छत्तीसगढ़ उत्तर प्रदेश की ओर से लिखा है। इसमें कहा गया है कि हमारे संगठन के कुछ लोग पकड़े जा चुके हैं। कुछ नोटबंदी की मार झेल रहे हैं। हमें रुपयों की जरूरत है और तुमसे 5 करोड़ एकत्रित करना है। तुमको यह रकम अपने स्टाफ और खुद मुहैया करानी है।
वरना अंजाम होगा कि स्कूल, स्टाफ और तुमको बम से उड़ा दिया जाएगा। यह भी कहा है कि 15 दिन में इंतजाम कर लो। इसके बाद पंद्रहवें दिन रात 12 बजे यह रकम लेकर रात में सोफा नहर से आगे जट्टारी के पास धर्मकांटे के सामने डाकिया मिलेगा। इसकी मदद से जीतू गोयल शिक्षक भरतपुर बझेड़ा तक पहुंचाना और उसकी मदद से हसनपुर यमुना घाट पहुंचना है। वहां हरमेश डाकिया मिलेगा। वह तुमको हमारे नक्सली कमांडर से मिलवाएगा और उन्हीं को यह रकम दिलवानी है। बात न मानने पर परिणाम गंभीर होंगे। इस पत्र के मिलने के बाद दहशत में आए प्रधानाचार्य ने जिला पंचायत अध्यक्ष, एसएसपी, डीएम, कमिश्नर, प्रधानमंत्री आदि को पत्र भेजे हैं। बता दें कि यह विद्यालय जिला पंचायत द्वारा चलाया जाता है। इंस्पेक्टर गभाना राजीव यादव कहते हैं कि यह किसी शरारती तत्व की हरकत है। फिर भी पत्र में उल्लेखित नामों से संपर्क कर जांच की जा रही है।
लक्ष्मीराम इंटर कालेज जिला पंचायत के जरिए संचालित होता है। लोगों के अनुसार किसी निजी कालेज का मामला होता तो प्रबंधक से रुपये मांगने की बात होती तो यह पत्र अधिक गंभीर लगता। जिला पंचायत से संचालित कालेज में सरकार से निर्धारित फीस ही ली जाती है, इसलिए यहां पर इतनी रकम मांगने पर तरह-तरह की चर्चाएं हैं।