लूट का शिकार व्यापारी मनोज सिंघल
- फोटो : ब्यूूराे
खैर में दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने दुस्साहसिक घटना कर डाली। अलीगढ़ पलवल मार्ग पर भरे बाजार दुकान पर बैठे व्यापारी से बदमाश तमंचा दिखाकर गल्ला सहित लगभग ढाई लाख रुपया लूट ले गए। पड़ोसी व्यापारी ने पीछा कर पकड़ने की हिम्मत जुटाई, लेकिन बदमाशों ने उस पर भी तमंचा तानकर रोक दिया। कोई कुछ कर पाता इससे पहले ही तीनों बदमाश तमंचे लहराते हुए बाइक पर जट्टारी की तरफ भाग गए। घटना से कस्बे में हड़कंप मच गया। मौके पर अनेक व्यापारी एकत्रित हो गए। सूचना पर इंस्पेक्टर, सीओ व एसपी देहात मौके पर पहुंच गए तथा जांच पड़ताल की। घटना को लेकर व्यापारियों में आक्रोश बना है।
बता दें कि मनोज सिंघल खैर में अलीगढ़ पलवल मार्ग पर सोसाइटी के सामने किराना की थोक व रिटेल की दुकान है। शुक्रवार को सुबह पौने दस बजे वह अपनी दुकान पर बैठे हुए थे। तभी मुंह पर ढाटा बांधे तीन बदमाश दुकान पर चढ़ आए। बदमाशों ने व्यापारी मनोज को धक्का मारकर गिरा दिया और कर्मचारियों पर तमंचे तान कर कब्जे में ले लिया।
कोई कुछ समझ पाता इससे पहले ही बदमाशों ने गल्ले में रखी नकदी, उसके नीचे की रेक में रखा रुपयों से भरा थैला लगभग ढाई लाख रुपये लूट लिए। इसके बाद तीनों में से दो बदमाश बराबर गली में खड़ी अपनी बाइक लेकर आए, वहीं तीसरा बदमाश जट्टारी रोड पर तमंचा लेकर रोड पर वाहनों को रोकने के लिए खड़ा रहा।
बाइक आते ही तीनों उस पर सवार होकर जट्टारी की तरफ भाग गए। सूचना पर मौके पर एसपी देहात अतुल शर्मा, सीओ संजीव दीक्षित, इंस्पेक्टर अनूप कुमार सिंह व एसओजी टीम पहुंच गई। पुलिस ने व्यापारी से पूछताछ की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी देखे। मनोज सिंघल के अनुसार रोजाना थोक के बड़े व्यापारियों को भुगतान करना होता है।
इसके लिए वह लगभग डेढ़ दो लाख रुपये घर से ही लेकर आये थे जो बैग में रखे थे। वहीं बाकी कुछ रुपये सुबह ग्रामीण इलाकों के व्यापारी देकर गए थे। सीओ संजीव दीक्षित के अनुसार मामले में व्यापारी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घटना में किसी जानकार की संलिप्तता प्रतीत हो रही है। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है, जल्द ही खुलासा किया जाएगा।