कोतवाली क्षेत्र के गांव तेवथू में एक युवक ने होली के दिन एक युवती का गला काट दिया और इसके बाद धारदार हथियार से अपना गला भी रेत लिया। दोनों को गंभीर हालत में जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। युवती की एक माह पहले ही शादी हुई थी और वह होली पर मायके आई थी। आरोपी युवक को युवती का कथित प्रेमी बताया जा रहा है।
चर्चा है कि गांव तेवथू निवासी अवधेश पुत्र देवराज जाटव अपने पड़ोस में रहने वाले प्यारेलाल जाटव की बेटी रुक्मणी से एकतरफा प्रेम करता था। 20 फरवरी को रुक्मणी की शादी जिला बुलंदशहर के पहासू थाना क्षेत्र के गांव लालनेर में हो गई थी। होली पर रुक्मणी अपने मायके आई थी। बुधवार की शाम करीब आठ बजे रुक्मणी खेतों की ओर शौच के लिए गई थी तभी पीछा करते हुए अवधेश भी वहां पहुंच गया।
वहां रुक्मणी से साथ चलने के लिए कहा लेकिन विरोध करने पर वह चीखा कि तू मेरी नहीं हुई तो किसी और की भी नहीं होने दूंगा। पुलिस के अनुसार यह कहते हुए आरोपी ने चाकू से हमला कर रुक्मणी का गला काट दिया। चीखपुकार सुनकर कुछ लोग वहां पहुंच गए और घायल युवती को आननफानन में जेएन मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे।
उधर गुरुवार की सुबह कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि साधू आश्रम के पास खून से लथपथ एक युवक तख्त पर पड़ा है। उसके गले से खून बह रहा है। वह अपना नाम अवधेश बता रहा है। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर उसे जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। सूचना पर परिजन भी मेडिकल कॉलेज पहुंच गए।
वह एक-दूसरे के परिजनों पर हमले का आरोप लगा रहे थे। एसएसआई सतेंद्र शर्मा ने बताया कि एकतरफा प्रेम प्रसंग के चलते युवक ने युवती पर हमला किया था। गंभीर हालत में दोनों का मेडिकल कॉॅलेज में इलाज चल रहा है। अभी तहरीर नहीं मिली है।