पूर्ति निरीक्षक इगलास सतीश कुमार का कहना है कि सोमवार की सांय को एसडीएम रविप्रकाश श्रीवास्तव के निर्देशन में जिलापूर्ति अधिकारी विमल सिकरवार, पूर्ति निरीक्षक विपुल प्रताप सिंह, नेत्रपाल सिंह, मनोज कुमार व काला आम चौकी प्रभारी के साथ गांव साथिनी से एक किमी आगे मथुरा मार्ग पर छापा मारा था।
मौके पर तेल से भरा एक टैंकर पाया गया तथा मौके पर मौजूद लोग टीम को देखकर भागने लगे। जिनमें से एक व्यक्ति को टीम ने पकड़ लिया। टैंकर में 12 केएल डीजल भर हुआ है, जो मथुरा रिफाइनरी से वसुन्धरा फिलिंग स्टेशन अलीगढ़ के लिए जा रहा था। मौके से लोहे व प्लास्टिक के खाली ड्रम, एक डीजल से आधा भर हुआ ड्रम व कीप, बाल्टी आदि सामान पाया गया।
टैंकर को एक पेट्रोल पंप पर तथा अन्य सामान को पुलिस की सुपुर्दगी में दिया गया है। पूर्ति निरीक्षक ने बताया कि पकड़े गए व्यक्ति राकेश पुत्र विशंबर निवासी सिहोरा थाना रावल, मथुरा ने अपने आप को टैंकर का क्लीनर ओर भागे गए टैंकर ड्राइवर का नाम रिंकू और गोपाल निवासी नगला गजू बताए हैं। इन तीनों के द्वारा डीजल का अवैध कारोबार किया जा रहा था। तीनों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।