थाना पालीमुकीमपुर के गांव दीनापुर में अपनी छत पर सो रहे किसान की मंगलवार रात करीब 12 बजे गोली मारकर हत्या कर दी गई। करीब 12 साल पहले इस किसान के भाई की हत्या कर दी गई थी जिसकी पैरोकारी में वह लगा हुआ था। किसान के परिजनों का कहना है कि जमानत पर चल रहे आरोपी धमकी दे रहे थे। मृतक की मां ने चार नामजद एवं दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। गिरफ्तारी की मांग करते हुए परिजनों ने थाने पर हंगामा भी किया।
दीनापुर निवासी सुखवीर सिंह (35) पुत्र रामेश्वर सिंह किसान थे। वर्ष 2006 में उनके भाई सूरजपाल की हत्या हुई थी। गांव के ही राम अवतार शास्त्री आदि हत्या में आरोपी हैं। सुखवीर अपने भाई की हत्या के मामले में गवाह थे और पैरवी कर रहे थे। सुखवीर के परिजनों के अनुसार सूरजपाल की हत्या के आरोपी काफी समय से जमानत पर हैं। उन्होंने कई बार सुखवीर को मुकदमे की पैरवी न करने की चेतावनी दी थी।
मंगलवार की रात सुखवीर अपने घर की छत पर सो रहे थे। रात करीब 12 बजे गोली मार दी गई। गोली की आवाज सुनकर परिजन छत की ओर भागे। चारपाई पर खून से लथपथ सुखवीर का शव पड़ा था। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना पर थाना प्रभारी अजीत सिंह मौके पर पहुंच गए। सुखवीर की मां महादेवी ने गांव के ही राम अवतार शास्त्री, अर्जुन, अजयपाल, नरेश व दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
हत्या के आरोपी फरार हैं। दबिश दी जा रही है। सभी जल्द पकड़े जाएंगे। - अजीत सिंह, थाना प्रभारी