नर्सिंग होम में उपचार के लिए भर्ती बच्चे।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूराे
महानगर के बन्नादेवी के नगला कलार इलाके में रोजगार न होने के कारण आर्थिक तंगी से जूझ रहे दलित परिवार के मुखिया ने खुद जहर खाकर पत्नी व बच्चों को भी जहर खिला दिया। मंगलवार आधी रात को हुई इस दिल दहला देने वाली घटना में दंपति की मौत हो गई, जबकि तीन बच्चों की हालत नाजुक बनी हुई है।
हृदयविदारक घटना को परिवार ने छिपाने की कोशिश करते हुए गुपचुप अंतिम संस्कार की तैयारी भी कर ली। मगर तड़के नर्सिंग होम के जरिये पुलिस को जब खबर मिली तो अंतिम संस्कार रुकवाया गया और शवों को कब्जे में लिया। फिलहाल पुलिस ने जांच करते हुए फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य भी संकलित किए हैं। बच्चों के होश में आने का इंतजार है।
जांच में यही पता चल रहा है कि राकेश ने सभी को जहर खाने को दिया। फिर भी बच्चों के होश में आने और बातचीत पर काफी कुछ साफ हो जाएगा। मौके से फॉरेंसिक टीम ने जो साक्ष्य संकलित किए हैं। उनमें सल्फास होने के संकेत हैं। सैंपल की जांच रिपोर्ट का भी इंतजार है। परिजनों से पूछताछ में निकला है कि इन दिनों राकेश बेरोजगार था। इसलिए सुसाइड का कारण भी वही हो सकता है।
- अनुज कुमार एसओ बन्नादेवी