घर में अशोक सिंह द्वारा लगाई गई आग के बारे में लोगों को बताती कमलेश ।
- फोटो : Rupesh
महानगर के क्वार्सी क्षेत्र के सुरेंद्र नगर के रहने वाले एक शराबी ने गृह क्लेश के चलते कमरे में केरोसिन (मिट्टी का तेल) डालकर आग लगा पत्नी और तीन बच्चों को जिंदा जलाने की कोशिश की। पत्नी ने घर से बाहर भागकर अपनी और बच्चों की जान बचाई। इधर, आग लगती देख पड़ोसियों ने पुलिस और दमकल को सूचना दे दी। दमकल ने आग पर काबू पाया। वारदात के बाद से पति फरार है।
सुरेंद्र नगर का रहने वाला शिक्षक अशोक सिंह हाथरस के सिकंदराराऊ के एक स्कूल में तैनात है। वह सिकंदराराऊ में ही मां-पिता के साथ रहता है। मंगलवार की रात को अपने घर सुरेंद्र नगर आया था। पत्नी कमलेश के अनुसार पति ने मंगलवार रात को उसके साथ मारपीट और गाली-गलौच की थी। बुधवार सुबह वह घर में काम कर रही थी। तभी पति शराब के नशे में आया और घर के कमरे में जाकर एलईडी टीवी और वाशिंग मशीन तोड़ दी।
इसके बाद उसने कमरे में आग लगा दी। तीनों बच्चों (दो बेटी और एक बेटा) सहित मुझे आग लगे कमरे में बंद करने को खींचने लगे। बमुुुश्किल पति से बच्चों और खुद को छुड़ाकर घर से बाहर भाग जान बचाई। चीखपुकार सुन लोग आ गए। उन्होंने पुलिस और दमकल को सूचना दे दी। इधर, भीड़ एकत्रित होते देख पति मौके से भाग गया। इंस्पेक्टर क्वार्सी के अनुसार महिला का पति फरार है। महिला तहरीर देने की बात कह रही है। तहरीर मिलने के बाद पति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।