गभाना थाना क्षेत्र के गांव ओगर में रविवार शाम से लापता नौ वर्षीय बच्चे का शव सोमवार शाम अरहर के खेत से बरामद हुआ। बच्चे का गला घोंटकर हत्या करने के बाद हत्यारे ने शव की पहचान मिटाने के इरादे से उसके सिर को ईंट से कुचल डाला। निर्ममतापूर्वक की गई हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।
ओगर निवासी तेजपाल सिंह मजदूरी कर अपने परिवार का पेट पालता है। तेजपाल के तीन बेटियां हैं। उसका इकलौता नौ वर्षीय पुत्र गौरव रविवार शाम पांच बजे वह घर के समीप ही खेल रहा था, तभी लापता हो गया।
देर शाम तक घर न लौटने पर परेशान परिजनों ने आसपास के घरों समेत पूरे गांव में खोजबीन की, लेकिन गौरव का पता न चल सका। सोमवार को भी ग्रामीण बच्चे की तलाश में जुटे थे।
शाम पांच बजे के करीब विजय पाल सिंह के खेत में गौरव का शव लोगों को नजर आया। शव दिखते ही हल्ला मच गया। बच्चे का शर्ट से गला घोंटा गया था। पीछे से सिर पूरी तरह कुचला था। प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश चंद्र यादव के अनुसार तेजपाल गरीब मजदूर है। किसी से दुश्मनी की बात फिलहाल सामने नहीं आई है। बच्चे का इतनी बेरहमी से कत्ल क्यों किया गया, इसकी पड़ताल की जा रही है।