लूट व हत्या की वारदात में वांछित दस हजार के इनामी बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ में पकड़ लिया। उसके पास से तमंचा, कारतूस आदि बरामद हुए हैं।
29 मार्च 2013 की रात 12 बजे ग्राम मांदक में सरजीत सिंह पुत्र करन सिंह के घर में पूरे परिवार को बंधक बनाकर लूटपाट हुई थी। इसके बाद रात ढाई बजे ग्राम जरतौली में संदीप चौहान पुत्र धर्मपाल सिंह के घर पर भी इसी गैंग ने लूटपाट की थी। विरोध करने पर संदीप के भाई प्रवीण की गोली मारकर लुटेरों ने हत्या कर दी थी।
इन लूटों व हत्या को अंजाम देने वाले लुटेरे नीतू, महेंद्र व सत्ता को पुलिस ने पकड़ लिया था जिन्हें अदालत ने जेल भेज दिया था लेकिन इन वारदातों का शातिर अपराधी बुद्धा उर्फ धनीराम पुत्र करोड़ीमल उर्फ अहेरिया निवासी चंदीला हाथरस वर्ष 2013 से फरार था। उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
टप्पल थानाध्यक्ष आशीष कुमार सिंह के अनुसार मुखबिर की सूचना पर बृहस्पतिवार रात ग्राम हेतलपुर पुलिया के पास अलीगढ़ रोड पर बदमाश की घेराबंदी की गई। बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। अपने को बचाते हुए पुलिस ने शातिर अपराधी बुद्धा उर्फ धनीराम को तमंचा, कारतूस समेत पकड़ लिया। टप्पल एसओ के अनुसार बुद्धा लूट व हत्या करने वाला शातिर अपराधी है। उस पर कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं।