महानगर के रेलवे रोड माल गोदाम के मध्य गुरुवार सुबह निजी स्कूल की शिक्षिका को नकाबपोश बाइक सवारों ने गोली मार दी। गोली घर से पैदल जा रही शिक्षिका की पीठ में जा धंसी और हमलावर मालगोदाम की ओर भाग गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी मच गई। घायल शिक्षिका को उपचार के लिए जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। देर शाम तक घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका था और न ही परिवार की ओर से किसी रंजिश का उल्लेख किया गया, न तहरीर दी गई।
बन्नादेवी के रेलवे रोड पर कोयले वाली गली के बाहर रहने वाले हार्डवेयर कारोबारी सुमित मित्तल की पत्नी 35 वर्षीय आरती मित्तल जीटी रोड बन्नादेवी स्थित ब्लूवर्ड स्कूल में शिक्षिका हैं। वाकया सुबह 8.30 बजे का है, जब रोजाना की तरह आरती स्कूल जाने के लिए घर से निकली थीं। घर से थोड़ी दूरी पर माल गोदाम से आगे वह स्कूल की वैन से स्कूल जाती हैं। वह पैदल ही रेलवे रोड से माल गोदाम की ओर जा रही थीं, तभी चंद कदम की दूरी पर पीछे से एक गोली उनकी पीठ में आकर लगी। चंद मिनट तो उन्हें इसका अहसास ही नहीं हुआ कि उन्हें गोली मार दी गई है, लेकिन जब उन्होंने खून निकलते देखा तो वह चीखते हुए भागीं। वहां तब तक अन्य लोगों को भी गोली चलने का पता चल गया था।
इसी दौरान उनके पति भी बेटे को स्कूल वैन तक छोड़ने के लिए घर से बाहर सड़क पर आ गए। शिक्षिका को मेडिकल कॉलेज भेजा गया। घटनास्थल पर थाना पुलिस के अलावा एसएसपी राजेश पांडेय, एसपी सिटी अतुल श्रीवास्तव भी पहुंच गए। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आस-पास लोगों से पूछताछ की। पता चला कि एक बाइक पर दो नकाबपोशों ने गोली चलाई और मालगोदाम की ओर भाग गए। इधर, परिवार की ओर से न तो किसी तरह की रंजिश बताई जा रही है और न कोई ताजा विवाद सामने आया है। देर शाम समाचार लिखे जाने तक तहरीर भी नहीं दी गई थी। पुलिस अपने स्तर से ही जांच कर रही थीं।
नहीं मिला सीसीटीवी में सुराग
रेलवे रोड पर हर दुकान पर सीसीटीवी लगे हुए हैं। मगर वाकया सुबह साढ़े आठ बजे का है, तब तक दुकानें नहीं खुली थीं। घटनास्थल के आसपास ज्यादातर सीसीटीवी दुकानों के अंदर लगे हैं। इसलिए पुलिस ने काफी देर तक इलाके में सीसीटीवी खंगाले, मगर कुछ नहीं मिला।
गोली लगने के बाद भी नहीं हुआ अहसास
प्रत्यक्षदर्शियों और शिक्षिका से पूछताछ में जो बात सामने आई है, वह बेहद चौंकाने वाली है। गोली लगने के बाद भी आरती को अहसास नहीं हुआ कि गोली लगी है। बल्कि उन्होंने समझा कि पीछे किसी वाहन का टायर फट गया है। उन्होंने मुड़कर देखा और फिर चलती रहीं। तभी अन्य राहगीरों ने शिक्षिका की पीठ से खून निकलता देखा, तो शोर मचाया। तब आरती को लगा कि कुछ चुभ रहा है, लेकिन तब भी गोली लगने का पता नहीं चला। खून निकलता देखकर आरती चिल्लाती हुई वापस घर की ओर दौड़ीं, रास्ते में पति और बेटा मिल गया। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
शिक्षिका को गोली मारने की घटना में अभी किसी तरह का विवाद या रंजिश सामने नहीं आई है। जिस स्थान पर घटना हुई है, वहां अन्य महिलाओं का होना भी बताया गया है। परिवार भी रंजिश से इंकार कर रहा है। जांच के आधार पर जो तथ्य सामने आएगा, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। - राजेश पांडेय, एसएसपी