कोतवाली हाथरस गेट पुलिस ने आईपीएल मैच पर सट्टे की खाई बाडी करने वाले दो सटोरियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से पांच मोबाइल फोन, एलसीडी टीवी मय सैटअप बाक्स, 24510 रुपये, एक सट्टा विवरण रजिस्टर आदि सामान बरामद किया। अभियुक्तों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
कोतवाली हाथरस गेट पुलिस को सूचना मिली कि नगला सड़क में सतीश कुमार के बंद मकान में आईपीएल का सट्टा चल रहा है। इस मकान को भूपेंद्र पुत्र शंकर लाल निवासी नगला सड़क और संजीव कुमार पुत्र थान सिंह निवासी झोपड़ी नगला कुंवरजी ने तीन हजार रुपये प्रति माह के किराए पर ले रखा है। सूचना मिली कि यहां पर दोनों अभियुक्त हैदराबाद बनाम चेन्नई के बीच हो रहे आईपीएल मैच पर सट्टा लगाया जा रहा है।
मैच एलसीडी टीवी में देखकर मोबाइल फोनों से हैदराबाद की हार पर आठ से दस हजार रुपये और चेन्नई की जीत पर रुपये लगवाकर सट्टा कराया जा रहा है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को दबोच लिया। अभियुक्तों के खिलाफ पुलिस ने जुआ व सट्टा एक्ट सहित आईटी एक्ट में कार्रवाई की। गिरफ्तार करने वाली टीम में एसएचओ चतर सिंह राजौरा, एसआई रविंद्र कुमार, एसआई विपिन यादव, संदीप राघव व संजीव कुमार, सौरभ सिंह, रिंकू सिंह, निखिल चौधरी, संतोष कुमार शामिल थे।
पूरे सेटअप के साथ सटोरिये करते हैं आईपीएल का सट्टा
यहां यह तथ्य भी विदित है कि आईपीएल पर सट्टे की खाईबाड़ी यहां जमकर हो रही है। पूरे सेटअप के साथ सटोरियों ने अपने अड्डे बना रखे हैं। मैच से लेकर खिलाड़ी और एक-एक गेंद पर दांव लगाया जाता है। बुकी बाहर से इसका पूरा नेटवर्क संचालित करते हैं। पहले भी आईपीएल का यहां सट्टा पकड़ा जा चुका है, लेकिन अभी तक मास्टरमाइंड सामने नहीं आए हैं। कई बड़े रसूखदार लोगों के नाम भी इसमें सामने आ चुके हैं।