महानगर में हो रही ताबड़तोड़ लूट व डकैती की कई घटनाओं को लंबे समय से जेल में निरुद्ध कुख्यात लुटेरे अखिलेश उर्फ शिवा गैंग द्वारा अंजाम दिया जा रहा था। यह खुलासा बृहस्पतिवार को बन्नादेवी पुलिस ने करते हुए शिवा के भाई सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर किया है।
इन बदमाशों ने आईटीआई रोड पर जस्ता कारोबारी के घर डाका, सासनी गेट में साढ़े आठ लाख की लूट व क्वार्सी में शराब ठेके पर सेल्समैन से लूट करना स्वीकारा है। इस गैंग में बुलंदशहर के कुछ अन्य बदमाश भी शामिल हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें लगी हुई हैं।
एसओ बन्नादेवी अनुज कुमार के अनुसार 3 दिसंबर इंडस्ट्रीयल इस्टेट आईटीआई रोड के प्लाट डी-9 में सुनील कुमार गुप्ता के फैक्ट्री के ऊपर स्थित घर में दिनदहाड़े डाके के खुलासे में मुखबिर के जरिये खबर मिली कि यह घटना अखिलेश शिवा गैंग द्वारा की गई है।
इस सूचना पर शिवा गैंग के वर्तमान सक्रिय सदस्यों की तलाश शुरू की गई। बृहस्पतिवार को मुखबिर की सूचना पर मुठभेड़ के बाद शिवा के भाई कपिल उर्फ छोटू निवासी जवां और इसके भांजे विक्रम निवासी पिलखुआ बुलंदशहर, राकेश व सतेंद्र निवासी हापुड़ को दबोच लिया गया।
दोनों के कब्जे से पिस्टल, तमंचे कारतूस आदि बरामद हुए। दोनों ने पूछताछ में डकैती के अलावा सासनी गेट के लोधी विहार में घरेलू उत्पाद बिक्री के डीलर के कर्मचारियों से पिछले माह सुबह-सुबह साढ़े आठ लाख रुपये लूटना, क्वार्सी के पीएसी स्थित शराब ठेके के कर्मचारी से 85 हजार रुपये लूटना स्वीकारा। इन्होंने बाद में निशानदेही से 60 हजार रुपये भी बरामद कराए। पूछताछ में यह भी स्वीकारा है कि महानगर के गूलर रोड इलाके में लूट, बाईपास व हाईवे पर कई वाहनों से भी लूट की है।
एसओ के अनुसार इन दोनों ने अपने गैंग में बुलंदशहर के अन्य कई लुटेरों के नाम बताए हैं। जिनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। इसके अलावा अन्य कई घटनाएं भी की हैं, जो दर्ज नहीं हुईं। बता दें कि मूल रूप से जवां निवासी अखिलेश उर्फ शिवा कुख्यात लुटेरा है जो पिछले करीब एक साल से सासनी गेट से गिरफ्तारी के बाद जेल में है। उसके भाई व पकड़े गए भांजे पर भी एक-एक दर्जन से ज्यादा लूट आदि के मुकदमे हैं।