गभाना। कासगंज जनपद के कस्बा भरगैन से गुरुवार दोपहर दुल्हन विदा कराकर लौट रही बारातियों की स्कॉर्पियो कार की गभाना क्षेत्र में दौरऊ मोड़ पर मिनी बस से भिड़ंत हो गई। मिनी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दूल्हा-दुल्हन समेत करीब 24 लोग जख्मी हो गए। पुलिस के अनुसार दिल्ली के सीमापुरी इलाके की राधानगर कॉलोनी निवासी राजकुमार सिंह के बेटे प्रदीप कुमार की बारात बुधवार को कासगंज जनपद के कस्बा भरगैन में आई थी। सुबह करीब 10 बजे दुल्हन विदाई की रश्म हुई। बाराती बस से रवाना हुए जबकि दूल्हा-दुल्हन और परिवार के अन्य लोग स्कॉर्पियो कार में सवार थे। दौरऊ मोड़ के पास अचानक चंडौस की ओर से आई मिनी बस से कार की भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद बस भी पलट गई। चीखपुकार सुनकर आसपास के लोगों ने घायलों को वाहनों से बाहर निकाला और एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। यहां उपचार के बाद सभी लोग गंतव्य को चले गए।