महानगर के देहली गेट थाने के हिस्ट्रीशीटर कुख्यात अपराधी लालू व चांद द्वारा किसी बड़े नाम वाले की हत्या की सुपारी लेने की खबर से शहर में सनसनी फैल गई है। इससे पुलिस प्रशासन बेहद चौकन्ना हो गया और दोनों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों की जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है।
उसके परिचितों, परिजनों व करीबियों से पूछताछ की जा रही है। लालू व चांद दोनों कुख्यात अपराधी हैं। दोनों पुराने शहर देहली गेट के रहने वाले हैं। वह अनगिनत लूट और हत्या की वारदात को अंजाम दे चुके हैं। वह काफी अरसे से पुलिस से आंख मिचौली का खेल खेल रहे हैं।
जब-जब शहर और जिले में लूट की कोई बड़ी वारदात होती है, तब-तब लालू व चांद की संलिप्तता को लेकर पुलिस चौकन्नी हो जाती है। अचानक उनके आगमन की खबर से पुलिस एक बार फिर सक्रिय हो गई है।
मुखबिर व पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों ने किसी पार्टी बंदी में किसी की हत्या की सुपारी ले रखी है। इसके चलते उसके संभावित ठिकानों पर पुलिस नजर रखने लगी है। उसके रिश्तेदारों से भी पूछताछ की जा रही है।
मोबाइल नंबर ट्रेस किए जा रहे हैं। बता दें कि कुछ साल पहले दोनों दिल्ली पुलिस के गिरफ्त में आए थे। उसके बाद उनके बारे में पुलिस के पास कोई सटीक जानकारी नहीं है।
कई गैंगों से रहा जुड़ाव
लालू व चांद कई खूंखार गैंग में शामिल रहे हैं। दोनों इकबाल लुटेरा जवां, उमर कश्मीरी, यासिर फहद, कुख्यात अपराधी मुनीर गैंग से जुड़कर कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।
किसी हत्या की सुपारी लेने की बात में कितना दम है, यह तो नहीं कहा जा सकता। हो सकता है कि यह किसी साजिश का हिस्सा हो। मगर दोनोें के अचानक शहर में आगमन के इनपुट मिले थे। जिसके चलते उनकी तलाश कराई जा रही है। मगर अभी तक इसमें सुराग हाथ नहीं लगा है। फिर भी उसके रिश्तेदारों से पूछताछ की जा रही है। -राजेश पांडेय एसएसपी