स्कूटी पर जिम से साथ निकली मंगेतर से कर रहा था बात
पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि ऊपरकोट इलाके की किसी युवती से सैफ की दोस्ती थी। वह भी जिम से उसके साथ अपनी स्कूटी पर निकली थी। दोनों बातचीत करते चल रहे थे। उसने भी इस घटना को अपनी आंखों से देखा है। एसएसपी आकाश कुलहरि के अनुसार युवती मंगेतर बताई जा रही है। दोनों के बीच शादी की बात चल रही थी। उससे बातचीत में सैफ के दो-तीन दोस्तों के नाम भी प्रकाश में आए हैं, उनसे भी पूछताछ चल रही है। परिवार भी इन बातों से अंजान है।
पहचान छिपाने के लिए तो नहीं बांधा शूटरों ने नकाब
एक बात यह भी सामने आ रही है कि शूटर निश्चित तौर पर ऐसे होंगे, जिन्हें घटनास्थल के आसपास लोग जानते होंगे। इसलिए उन्होंने अपनी पहचान छिपाने के लिए नकाब बांधा होगा। वरना शूटर अगर बाहरी होते तो शायद वह नकाब नहीं बांधते। इसके चलते पुलिस का फोकस आसपास इलाके में रहने वाले अपराधियों। सैफ के साथ पढ़ने से लेकर कोचिंग से जुड़े लोगों की भी सूची तैयार की जा रही है। इसके अलावा उसके उदयपुर टूर से जुड़े लोगों की सूची तैयार की जा रही है।
मेडिकल कॉलेज में लगा रहा जमावड़ा
इस घटना की सूचना पर पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ एएमयू छात्रसंघ के पदाधिकारी, एएमयू से जुड़े नेतागण भी पहुंच गए। इसे लेकर पुलिस तनाव में आ गई कि कहीं किसी तरह की कानून व्यवस्था की समस्या पैदा न हो जाए। इसके चलते पुलिस बल मौके पर व मेडिकल कॉलेज में बढ़ा दिया गया। बाद में पुलिस ने जांच पड़ताल जारी करते हुए भरोसा दिलाया कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। इसके बाद परिवार से लेकर उसके साथ के सभी लोग पुलिस के साथ सहयोग में जुट गए।
रात में पोस्टमार्टम की तैयारी, मामा ने कराया मुकदमा
एसएसआई सिविल लाइंस के अनुसार इस घटना को लेकर मृत सेफ के मामा रफत जमाल की ओर से अज्ञात कारणों के चलते अज्ञात लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। जिसमें घटना का उल्लेख करते हुए पुलिस ने हत्यारोपियों का खुलासा कर कार्रवाई का अनुरोध किया है। वहीं शव को देर रात मोरचरी पहुंचा दिया गया था, जहां देर रात पोस्टमार्टम की तैयारी चल रही थी।