कदौली के कुआं से युवती की लाश निकालती पुलिस।
- फोटो : Amar Ujala
कोतवाली क्षेत्र के गांव कदौली से सुजानपुर के रास्ते पर चकरोड किनारे शुक्रवार को एक कुएं से हत्या कर फेंका गया युवती का शव बरामद हुआ है। यह शव करीब सप्ताह भर पुराना है। पिता की ओर से पति समेत अन्य ससुराल वालों पर बेटी की हत्या करने और शव छिपाने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव कदौली निवासी नत्थू सिंह के चंडौला-सुजानपुर के लिए जाने वाले चकरोड के किनारे स्थित पुराने कुएं के पास शीशम के दो सूखे पेड़ खड़े हैं। शुक्रवार की सुबह उनके परिवार के लोग शीशम के इन सूखे पेड़ों को काटने पहुंचे तो आ रही बुरी तरह दुर्गंध पर कुएं में झांककर उन्होंने देखा।
उन्हें कुएं में एक शव पड़ा नजर आया। यह देखकर उनके हाथ-पैर फूल गए। यह खबर जंगल में आग की तरह फैली और कुछ देर में ही चंडौला सुजानपुर, झिझरका व कदौली समेत कई गांवों के निवासी वहां पहुंच गए। सूचना पर पहुंचे कोतवाल आरके सिंह, एसएसआई सतेंद्र शर्मा ने शव को बाहर निकलवाया। यह शव युवती था जिसके शरीर के काफी हिस्से को कीड़े खा चुके थे। आंखें भी नहीं थीं। शव को इस हालत में देखकर वहां मौजूद तमाम महिलाओं की हालत बिगड़ गई।
कोतवाली प्रभारी आरके सिंह ने बताया कि शव की शिनाख्त गांव विधीपुर निवासी भीमसेन ने अपनी बेटी ज्योति के रूप में की है। ज्योति की शादी छह साल पहले गांव तेहरा निवासी पुष्पेंद्र पुत्र गंगा सिंह के साथ हुई थी। सात जून को ससुराल में विवाद के बाद से ज्योति लापता थी। उनका आरोप है कि पति समेत अन्य ससुराल ने हत्या कर शव पड़ोस के गांव कदौली निवासी नत्थू सिंह के कुएं में फेंक दिया। आरोप लगाया कि तभी से ज्योति का पति मायके पक्ष को गुमराह कर रहा है। पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
हफ्ते भर तक नहीं लगी किसी को भनक
नत्थू सिंह का कुआं गांव से काफी दूर है। पुलिस के अनुसार शव करीब एक हफ्ता पुराना लग रहा है। कुएं में कोई शव पड़ा है इस बात की भनक गांव वालों से लेकर पुलिस तक को न लग सकी। इस बात पर लोगों में तमाम चर्चाएं हैं। कदौली में एक साल पहले भी एक युवती का शव कुएं में मिला था। उसकी पहचान बाद में रंगशाला में डांसर के रूप में हुई थी।