मडराक थाना क्षेत्र के गांव पलाएसी में जुआ खेलने का विरोध करने पर जुआरियों ने रविवार रात एक युवक की नाक फावड़े से काट डाली। शिकायत करने पर थाना पुलिस ने महज औपचारिकता कर उसे टरका दिया। इस पर पीड़ित युवक ने मंगलवार को इसकी शिकायत एसपी देहात से की। उन्होंने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।
जीतू (25) पुत्र भगवान दास पलाएसी गांव में परचून की दुकान चलाते हैं। उन्होंने बताया कि रविवार रात करीब 8:30 बजे वह अपनी दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान पास ही चबूतरे पर गांव के राकेश, नागेश, गोदान, प्रमोद जुआ खेलने लगे। जब जीतू ने उन्हें वहां से जाने को कहा तो उन्होंने उससे मारपीट की। फिर राकेश ने जीतू पर फावड़े से हमला कर दिया। इससे उसकी नाक का निचला हिस्सा कटकर अलग हो गया।
शिकायत करने पर थाना पुलिस ने मामले में एनसीआर (नॉन कॉग्निजेबल रिपोर्ट) दर्ज कर उसको घर भेज दिया। जीतू ने मंगलवार को एसएसपी कार्यालय में पहुंच एसपी देहात से इसकी शिकायत की। इस पर एसपी देहात ने थाना पुलिस को कड़ाई से निर्देश देकर मामले की जांच करने को कहा। अब थाना पुलिस मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर एनसीआर को एफआईआर में तब्दील करने और सुसंगत धाराओं को बढ़ाने की बात कह रही है। ब्यूरो