खुद को खूंखार आतंकी संगठन आईएसआई का कारिंदा बताकर कस्बे के गोंडा रोड के प्रमुख मार्बल पत्थर विक्रेता वेदप्रकाश गुप्ता से फोन पर दस लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। ऐसा न करने पर उसे बम से उड़ाने की धमकी दी गई है।
इससे दहशतजदा व्यापारी ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। यह व्यापारी इस कदर डरा हुआ है किसी को कुछ भी बताने को तैयार नहीं।
घटना 24 जनवरी की दोपहर 11 और शाम छह बजे की है। व्यापारी अपनी फर्म पर थे। इस दौरान दो बार मोबाइल नंबर पर एक ही नंबर 8191842422 से कॉल आई। दोनों बार फोन करने वाले ने धमकी देते हुए दस लाख रुपये रंगदारी की डिमांड की।
साथ ही चेतावनी दी कि वह आईएसआईएस का एजेंट है। रकम न देने या किसी तरह की चालाकी दिखाने पर उसे गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। उसे बम से उड़ा दिया जाएगा। धमकी से दहशत में आए व्यापारी ने तहरीर देकर पुलिस से मदद की गुहार लगाई है। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
व्यापारी इस कदर दहशत में है कि वह कुछ भी बोलने या बताने को तैयार नहीं। पुलिस ने बताया कि अब तक की जांच में आईएसआईएस जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। यह किसी लोकल अपराधी का काम हो सकता है।