खैर क्षेत्र के सुजानपुर गांव के पास शुक्रवार की सुबह हनुमान मंदिर की झाड़ियों एक नवजात शिशु मिला। खबर फैलते ही आसपास गांवों के लोगों की मौके पर भीड़ लग गई। पुलिस ने पहुंचकर नवजात को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैर भेजा। शिशु स्वस्थ बताया गया है। सीएचसी से उसे चाइल्ड हेल्पलाइन की सुपुर्दगी में दे दिया गया।
शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे सुजानपुर गांव के समीप पेट्रोल पंप के पास हनुमान मंदिर की झाड़ियों में राहगीरों को यह नवजात पड़ा मिला। चर्चा है कि नवजात महज 8 घंटे का होगा। खबर फैली तो लोग वहां पहुंच गए। सुजानपुर की एक महिला ने नवजात को पालने के लिए अपने पास रख लिया।
कुछ देर बाद ही राहगीरों की सूचना पर खैर कोतवाली के इंस्पेक्टर प्रवेश कुमार गांव पहुंचे और शिशु को खैर सीएचसी ले गए। सीएचसी में स्टाफ ने देखा तो नवजात शिशु पूरी तरह स्वस्थ था। उस समय उसकी उम्र करीब 12 घंटे की स्वास्थ्य कर्मियों ने बताई। खैर कोतवाली पुलिस के अनुसार नवजात शिशु किसका है, यह जांच की जा रही है। नवजात शिशु पूरी तरह स्वस्थ है। उसे चाइल्ड हेल्पलाइन को सौंप दिया गया है।