घने कोहरे के कारण अलीगढ़-पलवल मार्ग पर बस में पीछे से भिड़ी कार।
- फोटो : ब्यूूराे
शुक्रवार की सुबह करीब पौने नौ बजे घने कोहरे के बीच अलीगढ़-पलवल मार्ग पर आधा दर्जन वाहन एक-दूसरे से टकराए। इस टक्कर से एक कार में आग लग गई। इस हादसे में नौ लोग घायल हो गए। इनमें तीन लोगों की हालत गंभीर होने पर मलखान सिंह जिला अस्पताल में रेफर किया गया।
शुक्रवार की सुबह करीब 8:40 बजे सड़क किनारे खड़े कंटेनर में घने कोहरे के कारण उसमें पीछे से एक बस टकरा गई। इसके बाद बस के पीछे से आ रही कार बस से टकरा गई। कार में आग लग गई। पीआरवी कर्मियों ने मशक्कत कर कार में लगी आग पर काबू पाया। इस हादसे में घायल आदित्य पुत्र महेंद्र (14) निवासी टूंडला जिला फिरोजाबाद, महेंद्र सिंह पुत्र श्रीराम (42) निवासी टूंडला, सोनिया पत्नी विजय (30) निवासी एनआईटी फरीदाबाद, आशीष पुत्र अशोक (19) थाना लक्ष्मीपुर जुमोई, अनिकेत पुत्र सूर्य कुमार चौहान (20) निवासी सोनभद्र, बमबम (22) निवासी बल्लभगढ को चोर्टें आइं। पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
इलाज के बाद छह लोग अपने गंतव्य को रवाना हो गए जबकि हरिराम (43) निवासी उटवारा थाना कुबेर जिला भरतपुर राजस्थान, रंजीत पुत्र विजय बहादुर (23) निवासी चंदीला थाना हरदोई, नीरज पुत्र रामशंकर (22) निवासी कथेरा चंदीला को गंभीर हालत में मलखान सिंह जिला अस्पताल रेफर किया गया है। इसके अलावा तीन और कारें भी इन वाहनों से टकराईं लेकिन मामूली क्षतिग्रस्त होने और यात्रियों को कोई नुकसान न होने पर वह कारें चली गईं।
घने कोहरे में ट्रैक्टर से दो बाइक टकर्राइं, पांच लोग घायल
शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े पांच बजे हाईवे पर कटरा मोड़ के पास घने कोहरे के बीच सड़क पर खराब खड़े ट्रैक्टर से दो बाइकें टकरा गईं। इस हादसे में पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सोमना मोड़ स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। शुक्रवार की सुबह खुर्जा की ओर से आ रहे बाइक सवार जवां के गांव कोटा खास निवासी भानू व बसु कटरा मोड़ के पास खराब खडे़ सीमेंट से भरे ट्रैक्टर से टकराकर घायल हो गए। घायलों को टोल प्लाजा की एंबुलेंस से भांकरी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद सुबह सात बजे के करीब बुलंदशहर के थाना अरनियां के गांव रनियावली निवासी आशीष व शुभम अपने पड़ोसी केशव की बाइक पर बैठकर गभाना एक निजी स्कूल में पढ़ने जा रहे थे। वह भी घने कोहरे के चलते खराब खड़े ट्रैक्टर से जा टकराए। इसमें तीनों घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने सोमना मोड़ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद क्रेन की मदद से ट्रैक्टर को हटवा दिया।