रिटायर आईएएस व अलीगढ़ के पूर्व डीएम तुलसी प्रसाद गौड़ पर भी मुकदमा दर्ज हो गया है।
बता दें कि रमेश विहार निवासी तुलसी गौड़ सोमवार को अपनी पत्नी अदिति गौड़ के साथ कार से रामघाट रोड पर पीएसी के पास एसबीआई के एटीएम से रुपये निकालने के लिए रुके थे। तभी पीएसी गेट पर कार खड़ी करने पर उनका पीएसी कर्मी से विवाद हो गया था। इस दौरान दोनों ओर से मारपीट का आरोप लगाया गया था और मारपीट में तुलसी गौड़ के चोट आई थी।
हालांकि सिपाही का आरोप था कि मारपीट की शुरुआत खुद तुलसी गौड़ की ओर से की गई थी। इस मामले में सिपाही की तरफ से मुकदमा दर्ज नहीं किया गया था, जबकि उसने पहले दिन ही तहरीर दे दी थी।
इस मामले में पीएसी के सेनानायक एन. कोलांची द्वारा एसएसपी से फोन पर बात कर भेदभाव की बात कही तो एसएसपी ने उन्हें रिपोर्ट दर्ज कराने का आश्वासन दिया था। क्वार्सी पुलिस के अनुसार सिपाही कृष्ण मुरारी की तहरीर पर तुलसी गौड़ के खिलाफ एससीएसटी एक्ट, मारपीट व धमकी दिए जाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। इंस्पेक्टर क्वार्सी ने मुकदमा दर्ज किए जाने की पुष्टि की है।