हल्द्वानी। मंगेतर ने साथ रहने से मना किया तो एक युवती रानीबाग स्थित गौला नदी में जान देने के लिए कूद गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे बचा लिया। थाने में उसके अभिभावक और मंगेतर के सामने पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे छोड़ दिया।
रामणीआन सिंह की रहने वाली युवती रुद्रपुर स्थित एक वाहन एजेंसी में कार्यरत है। युवती ने पुलिस को बताया कि चार महीने पहले एक दोस्त के कार्यक्रम में उसकी मुलाकात बाजपुर के युवक से हो गई। धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदल गई। तीन महीने पहले दोनों ने मंगनी कर ली। इस बात की जानकारी युवती ने अपने माता-पिता को नहीं दी। बृहस्पतिवार को युवक अपने पिता को इलाज कराने के लिए कालाढूंगी रोड पर एक अस्पताल में आया था। इसकी भनक युवती को लगी तो वह पहुंच गई। इसके बाद दोनों डिग्री कॉलेज के सामने पार्क में पहुंचे और बैठकर बातचीत करने लगे। कुछ देर बाद युवती वहां से चली गई। युवती के अनुसार वह चाहती है कि मंगेतर उसके साथ रहे लेकिन युवक का पिता की बीमारी की बात कहकर ऐसा करने से इन्कार कर रहा है। इसी बात को लेकर वह गुस्से में आ गई। उसने नदी में कूदने से पहले युवक को फोन कर कर जानकारी दी। पुलिस ने क्षेत्रीय लोगों से सहयोग से युवती को बचा लिया। थाने में आए युवक ने पुलिस के सामने अपने प्यार और नाखुशी का खुलासा किया। पुलिस ने युवती के पिता को थाने में बुलाया। युवती ने अपनी गलती स्वीकार की। पता चला है कि युवती तनाव दूर करने के लिए प्रतिबंधित दवाइयां भी खाती थी। थानाध्यक्ष नीरज भाकुनी ने दोनों पक्षों से लिखित समझौता पत्र लेने के बाद छोड़ दिया।