थाना हाथरस गेट क्षेत्र के गांव नगला चौबे में नाली के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान गांव में जमकर मारपीट व पथराव हुआ। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। इस मारपीट में नौ लोग घायल हो गए। इसमें उपचार के दौरान एक महिला की मौत हो गई। देर शाम उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए पोस्टमार्टम गृह लाया गया।
महिला की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस भी सक्रिय हो गई और रात्रि में आनन-फानन में दबिश देकर दूसरे पक्ष के कई लोगों को हिरासत में ले लिया। घटना की रिपोर्ट मृतका के बेटे ने दूसरे पक्ष के लोगों के खिलाफ दर्ज कराई है।
थाना हाथरस गेट क्षेत्र के गांव नगला चौबे में शुक्रवार की सुबह एक पक्ष ने जब अपने घर के आगे भरे पानी को निकालने के लिए नाली बनाना शुरू किया तो दूसरे पक्ष ने इसका विरोध शुरू कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। मारपीट के दौरान एक पक्ष ने ईट-पत्थर बरसाना शुरू कर दिया। इससे वहां अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे।
मारपीट व पथराव में एक पक्ष की गायत्री पत्नी कांति प्रसाद के अलावा नीतू पत्नी हरपाल सिंह, राजकुमार पुत्र कांति प्रसाद, काजल, मंजू पत्नी प्रेमचंद, रिषभ पुत्र कांति प्रसाद घायल हो गए। दूसरे पक्ष के माला पत्नी मेघ सिंह, सोेनिया पत्नी श्यामवीर सिंह, कुंवरपाल सिंह पुत्र मेघ सिंह के भी चोटें आई हैं। इन सभी को उपचार के लिए बागला जिला अस्पताल लाया गया।
गायत्री (55वर्ष) के सिर में पत्थर लगने से गंभीर चोट आई थी तो उसे जिला अस्पताल ले अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। घटना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जानकारी दी। बताते हैं कि घायल गायत्री को जब उसके परिजन उपचार के लिए अलीगढ़ ले गए तो वहां उसकी मौत हो गई। परिजन उसके शव को फिर जिला अस्पताल ले आए।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम गृह भिजवाया। पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश देकर कई लोगों को हिरासत में भी ले लिया। देर रात इस घटना की रिपोर्ट मृतका के बेटे राजकुमार ने मेघ सिंह व उसके बेटों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। हाथरस गेट कोतवाली निरीक्षक का कहना है कि हत्यारोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।