गुरुवार की शाम करीब आठ बजे सांसद सतीश गौतम के आदर्श गांव बहरावद के स्वागत द्वार के पास बदमाशों ने छह लोगों को बंधक बनाकर लूटपाट की। लूट का विरोध करने पर पीटा। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ितों से जानकारी ली। बदमाशों की तलाश भी की, लेकिन सुराग नहीं लग सका।
सांसद आदर्श गांव बहरावद निवासी नरोत्तम बघेल पुत्र कन्हीं सिंह गुरुवार की रात करीब साढ़े आठ बजे अपनी स्कूटी से अतरौली से गांव लौट रहे थे। गांव के समीप बने स्वागत द्वार के पास बदमाशों ने डंडा मारकर उन्हें रोक लिया। उनके पास से 700 रुपये व मोबाइल लूट लिया।
उधर गांव में बन रही पानी की टंकी के लिए पाइप लाइन बिछाने का काम कर रहे मोहसिन पुत्र गफ्फार निवासी दुलेरी मुजफ्फरनगर, इस्लाम इनामुल पुत्र जमील खां, लुकमान पुत्र मो. राशिद, मो. सालिम पुत्र मो. रहीस खान, अरशद पुत्र शब्बीर खान निवासीगण गांव बैसानी थाना इस्लाम नगर शामली भी अतरौली से कुछ सामान लेकर बहरावद लौट रहे थे।
तमंचे के बल पर बदमाशों ने इन सभी के हाथ बांध दिए। उन सभी के पास से साढ़े 18 हजार रुपये, चार मोबाइल, चांदी की जंजीर लूटकर ले गए। जैसे-तैसे यह सभी बंधन मुक्त हुए। कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। कोतवाल उत्तमचंद पटेल के अनुसार कंट्रोल रूम से वारदात की जानकारी मिली थी। किसी ने थाने में तहरीर नहीं दी है।