फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लिंग परीक्षण में फंसे डाॅ. जयंत-दिव्या फरार

Fri, 03 Nov 2017 01:44 AM IST
ब्यूूराे, अमर उजाला, अलीगढ़।
विज्ञापन
सीएमओ कार्यालय में अपनी कार्यवाही पूरी करती राजस्थान की टीम। - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन
लिंग परीक्षण में फंसे जीवन हास्पिटल के डॉ. जयंत शर्मा और डॉ. दिव्या चौधरी की गिरफ्तारी के लिए राजस्थान की पुलिस गुरुवार को गिरफ्तारी वारंट के साथ जीवन हास्पिटल पहुंची। लेकिन डाक्टर दंपति फरार मिला। इसके बाद टीम ने थाना क्वार्सी पहुंचकर वारंट तामील कराए। वारंट की एक कापी एसएसपी, डीएम और सीएमओ कार्यालय को सौंपी है। टीम ने सीएमओ आफिस से डाक्टर के लाइसेंस नवीनीकरण और रजिस्ट्रेशन की सत्यापित प्रति भी हासिल की है।
विज्ञापन


राजस्थान सरकार की ओर से प्री कानसेप्शन एंड प्री नेटल डायग्नोस्टिक टेकनीक (पीसीपीएनटीडी) ब्यूरो ऑफ इंवेस्टिगेशन विंग बनाया गया है। इसका अपना पुलिस थाना भी है। गत 16 अक्तूबर को इसी सेल ने बेला मार्ग स्थित जीवन हास्पिटल में छापा मारकर रंगे हाथों लिंग परीक्षण पकड़ा था। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। टीम उसी दिन डाक्टर दंपति को गिरफ्तार कर अपने साथ राजस्थान ले जाना चाहती थी, लेकिन स्थानीय विधायक संजीव राजा और अनिल पाराशर डाक्टर दंपति के समर्थन में खुलकर आ गए।

दोनों विधायकों ने गिरफ्तारी का तीव्र विरोध किया, जिस कारण टीम को बैरंग लौटना पड़ा। कार्रवाई में पकड़े तीन दलालों को सीकर की अदालत में पेश किया गया था, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। 
विज्ञापन


गुरुवार को यही सेल वहां के इंस्पेक्टर श्रीराम के नेतृत्व में फोर्स के साथ अलीगढ़ आई। क्वार्सी थाने की पुलिस के साथ डाक्टर की गिरफ्तारी को टीम अस्पताल पहुंची। इंस्पेक्टर श्रीराम ने बताया कि डाक्टर दंपति फरार हो गया है। थाना क्वार्सी में वारंट तामील कराया गया है। वारंट की एक कापी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और  जिलाधिकारी को भी तामील कराई गई।

बाद में टीम सीएमओ कार्यालय पहुंची, यहां पर जीवन हास्पिटल के नर्सिंग लाइसेंस, डाक्टर दंपति के लाइसेंस के नवीनीकरण के दस्तावेज, रजिस्ट्रेशन की सत्यापित प्रतिलिपि हासिल की। टीम के सदस्यों ने बताया कि राजस्थान से दो टीमें डाक्टर की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द ही दोनों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। 

मशीन हमारी, साथ ले जाएंगे 
इंस्पेक्टर श्रीराम ने बताया कि जीवन हास्पिटल में सील की गई अल्ट्रासाउंड मशीन अब पीसीपीएनटीडी ब्यूरो ऑफ इंवेस्टिगेशन विंग की संपत्ति है। उसे हम अपने साथ राजस्थान ले जाएंगे। जिससे कोर्ट में उसे बतौर सबूत प्रस्तुत किया जा सके। 

क्वार्सी पुलिस ने दिया भागने का मौका
डॉक्टर दंपति डॉ. जयंत शर्मा और डॉ. दिव्या चौधरी की गिरफ्तारी नहीं होने पर शहर के विभिन्न संगठनों ने आक्रोश जताया है। सलमानी एकता मंच के शकील अहमद कादरी, फरहान सलमानी, अब्बासी महासभा के जिलाध्यक्ष अमीनउद्दीन अब्बासी, महमूद अब्बासी, जाकिर अब्बासी ने कहा है कि डाक्टर दंपति ने अपने रसूख के चलते थाना क्वार्सी पुलिस को अपने पक्ष में कर लिया। आरोपी डाक्टर के पक्ष में अलीगढ़ के दो विधायक तो खुलकर सामने आ गए थे। इससे पता चलता है कि डाक्टर राजनीतिक रसूख भी रखता है। डाक्टर को जानबूझकर फरार होने का मौका दिया गया। इस संबंध में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर अवगत कराया जाएगा। उसमें विधायकों की भूमिका का भी जिक्र किया जाएगा। सामाजिक कार्यकर्ता मारिया आलम ने कहा कि उन्हें इस बात की पूरी आशंका है कि डाक्टर दंपति देश छोड़कर भाग गया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद थाना क्वार्सी पुलिस ने दोनों डाक्टरों का पासपोर्ट जब्त क्यों नहीं किया। पुलिस ने डाक्टर दंपति को भागने का पूरा मौका दिया।

पीसीपीएनटीडी ब्यूरो ऑफ इंवेस्टिगेशन विंग राजस्थान की टीम यहां आई है। वह हमसे जो सहयोग मांगेंगे, उन्हें दिया जाएगा। कोर्ट से एफआईआर की कापी और गिरफ्तारी वारंट की प्रति मिल जाएगी, तो विभागीय कार्यवाही के बाद डाक्टर दंपति का लाइसेंस रद्द होगा। कोख में कत्ल करने वालों के खिलाफ विभाग भी कड़ी कार्रवाई करेगा। - डॉ. एमएल अग्रवाल, सीएमओ

- जीवन हॉस्पिटल प्रकरण में राजस्थान की टीम वारंट तामील कराने आई थी। वारंट तामील करा दिए गए हैं। मौके पर टीम को डॉक्टर नहीं मिले, इसलिए टीम सिर्फ हॉस्पिटल से कुछ सामान साथ लेकर गई है।  -राघवेंद्र सिंह, इंस्पेक्टर क्वार्सी थाना

रद्द होगा डाॅक्टर दंपति का लाइसेंस
पीसीपीएनटीडी ब्यूरो ऑफ इंवेस्टिगेशन विंग के इंस्पेक्टर श्रीराम ने बताया कि यहां के सीएमओ कार्यालय के पास अदालत से इस मामले में दर्ज कराई गई एफआईआर और गिरफ्तारी वारंट की सत्यापित कापी आ जाएगी। जल्द ही उसे हम यहां पर भेजेंगे और अपील करेंगे कि इसी आधार पर डाक्टर दंपति का रजिस्ट्रेशन और लाइसेंस रद्द किया जाए। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. राहुल कुलश्रेष्ठ ने बताया कि अगर विंग यह सभी दस्तावेज यहां भेज देता है, तो विभाग उसके आधार पर कार्रवाई करेगा और लाइसेंस रद्द कर देगा। 
विज्ञापन


 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें