गायों से लदा कैंटर पकड़ा, हंगामा
- फोटो : Dig Vishal
महानगर के सासनी गेट मथुरा रोड पर शनिवार सुबह राहगीरों की सहायता से यूपी-100 की पीसीआर वैन ने गायों से लदा कैंटर दबोच लिया। कैंटर से 20 गाय बरामद हुईं, जिसमें से दो मृत थी। इस दौरान चालक तो चकमा देकर भाग गया, मगर क्लीनर को पकड़ लिया। खबर पर पहुंचे हिंदूवादी नेताओं ने थाना पुलिस के देरी से पहुंचे पर जमकर हंगामा किया। बाद में किसी तरह पुलिस ने लोगों को शांत कराते हुए गायों को पास के गोशाला में भिजवा दिया। वहीं मृत गायों को दफना दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मथुरा की ओर से सुबह एक कैंटर गाय लादकर आ रहा था। शहरी सीमा के पास सेल्स टैक्स की टीम चेकिंग कर रही थी। इस दौरान मॉर्निंग वॉक पर निकले कुछ लोगों ने और यूपी-100 की पीसीआर वैन स्टाफ ने कैंटर को रोकने की कोशिश की तो चालक ने गाड़ी दौड़ा दी। कैंटर में अवैध सामान होने के शक में टीम ने पुलिस को सूचना दे दी और यूपी-100 की गाड़ी पीछे लग गई। सासनीगेट चौराहे पर पीसीआर ने कैंटर को रोक लिया। गाड़ी चेक करने पर उसमें गाय लदी मिलीं और चालक मौका पाकर फरार हो गया।
पुलिस ने क्लीनर को पकड़ लिया है। इधर, सूचना मिलते ही हिंदूवादी नेता भी आ गए। वह गाड़ी में गायों को लदा देख भड़क गए और हंगामा काटना शुरू कर दिया। पुलिस उन्हें समझाकर शांत किया। कैंटर से 20 गाय बरामद हुईं, जिनमें से दो गाय मृत मिलीं। वहीं दो गायों की हालत नाजुक देख पशु चिकित्सक को बुलवा लिया। नगर निगम की टीम ने दोनों मृत गायों को दफनाया और बाकी गायों को राधारमण गोशाला में भेज दिया है। पुलिस ने क्लीनर सब्बन के खिलाफ अभियोग दर्ज कर लिया है। बताया गया है कि यह गाय मथुरा से मुरादाबाद कट्टी के लिए जा रहीं थीं। इस सूचना पर पहुंचे आहुति संस्था के अध्यक्ष अशोक चौधरी आदि पहुंच गए। उन्होंने भी पुलिस के देरी से पहुंचने पर नाराजगी जताई।