मडराक क्षेत्र में आगरा रोड पर रविवार तड़के कोहरे के कारण कैंटर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी बेटियां जख्मी हो गईं। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा।
हुआ यूं कि मैनपुरी भोगांव निवासी दौलतराम (45) पुत्र लज्जाराम दादरी में हलवाई का काम करते थे। रविवार को वह अपनी बेटी पूनम व संजू को साथ लेकर गांव के ही आलोक के कैंटर से गांव लौट रहे थे। बाईपास पर रविवार तड़के साढ़े पांच बजे कोहरे के कारण कैंटर आगे चल रहे अज्ञात वाहन से पीछे से टकरा गया, हादसे दौलतराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी दोनों बेटियां घायल हो गईं, जिन्हें जिला अस्पताल में भरती कराया है।
लोगों की सूचना पर आई पुलिस ने पोस्टमार्टम आदि की औपचारिकताएं पूरी कराईं। पुलिस ने कैंटर को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। एसओ के अनुसार आगे कार्रवाई की जा रही है।