महानगर के बन्नादेवी बीमा नगर में छेड़खानी पीड़ित किशोरी को समझौता न करने पर सोमवार शाम जिंदा जलाकर मारने की कोशिश की गई। घटना उस समय हुई, जब किशोरी घर में अकेली थी। उसे आनन-फानन नाजुक हालत में ट्रामा सेंटर ले जाया गया।
जहां देर रात तक उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी। परिजनों ने इस घटना में जेल भेजे गए छेड़खानी के आरोपी के परिजनों को आरोपी बनाया है।
सूत मिल बीमा नगर निवासी 15 वर्षीय किशोरी पास के ही स्कूल में 11वीं की छात्रा है। किशोरी की मां का आरोप है कि पड़ोस का ही 35 वर्षीय विवाहित केशव उसकी बेटी पर बुरी नीयत करता था।
वह कई बार फब्तियां कस चुका था, जिस पर किशोरी ने उसे डांटा था। आरोप है कि दो दिन पूर्व उसके घर में घुसकर छेड़खानी कर दी गई। घटना उस समय हुई, जब वह छत पर कपड़े सुखा रही थी। केशव को परिजनों ने पकड़कर पीटा और पुलिस को सौंप दिया।
मामले में बन्नादेवी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया और सोमवार को उसे जेल भी भेज दिया। इस मामले में पहले ही दिन से किशोरी के परिवार पर आरोपी का परिवार समझौते का दबाव डाल रहा था।