गभाना इलाके में ट्रैक पर मिली लापता एमआर की लाशडीएम के स्टेनो के भाई की ट्रेन से कटकर मौतअमर उजाला ब्यूरोगभाना। महानगर के विष्णुपुरी इलाके के रहने वाले डीएम के स्टेनो दुष्यंत कुमार के एमआर (मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव) सगे भाई प्रदीप कुमार सैनी (40) की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। मंगलवार तड़के उनकी क्षत-विक्षत लाश सोमना-दौरऊ के मध्य ओवरब्रिज के पास ट्रैक पर मिली। खबर पर दौड़ी पुलिस ने मोबाइल के आधार पर शिनाख्त की। परिजनों के अनुसार प्रदीप पिछले 24 घंटे से लापता थे और रात एक बजे से उनका फोन भी नहीं मिल रहा था। परिजन इसे ट्रेन दुर्घटना मान रहे हैं। मगर ट्रैक से चंद कदमों की दूरी पर सुरक्षित मिली स्कूटी कुछ और कहानी बयां कर रही है।डीएम के स्टेनो दुष्यंत कुमार छह भाइयों में सबसे बड़े हैं, जबकि प्रदीप कुमार तीसरे नंबर के थे। संयुक्त परिवार एक साथ रहता है और प्रदीप अपने पीछे पत्नी के अलावा एक बेटा-एक बेटी को छोड़कर गए हैं। परिजनों के अनुसार प्रदीप रोजाना की तरह सोमवार दोपहर 11.40 बजे घर से निकले तो पत्नी को गभाना जाने की कहकर निकले थे। इसके बाद शाम करीब 4 बजे उनकी पत्नी से बात हुई है कि वह घर पर खाना नहीं खाएंगे। इसके बाद उन्होंने कुछ दोस्तों संग गभाना से लौटकर बन्नादेवी इलाके में खाना भी खाया है। फिर उनका कोई सुराग नहीं। रात करीब 12.50 बजे तक फोन पर घंटी जाती रही। इसके बाद बैटरी खत्म होने के कारण फोन भी स्विच ऑफ हो गया। इधर, परिजनों ने खोज शुरू की तो वह सभी दोस्त भी आ गए, जिनके साथ प्रदीप ने खाना खाया था। सभी ने बताया कि उनके पास से घर जाने की कहकर निकला है। इस पर रात एक बजे परिजनों ने सिविल लाइंस पुलिस को गुमशुदगी सूचना भी दी। इधर, मंगलवार सुबह लोगों ने गभाना इलाके में शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। खबर पर एसओ मो. असलम मौके पर पहुंचे तो वहां उन्होंने क्षत-विक्षत शव के पास से एक मोबाइल बरामद किया। मोबाइल बैटरी न होने के कारण बंद था। मगर उसे चार्ज कर ऑन किया तो परिजनों से पुलिस की बात हो गई। खबर पर परिजन पहुंच गए। चंद कदमों की दूरी पर सड़क सहारे स्कूटी सुरक्षित मिली है। एसओ गभाना के अनुसार परिजन एक्सीडेंट ही मान रहे हैं। अब वह जो चाहेंगे, उस हिसाब से कार्रवाई होगी। दुष्यंत कुमार आदि परिजन भी इसे एक्सीडेंट मान रहे हैं।