सोमवार को अलीगढ़-पलवल मार्ग में माइनर पर बीएन इंटर कॉलेज के कार सवार प्रबंधक पर बाइक सवार दो लोगों ने गोलियां चलाईं। इस हमले में स्कूल प्रबंधक बाल बाल बचे। कार की रफ्तार बढ़ा प्रबंधक ने स्कूल पहुंचकर अपनी जान बचाई। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। बताया जाता है कि पुरानी रंजिश के चलते स्कूल प्रबंधक पर यह हमला हुआ है।
बताते हैं कि बीएन (भूपनाथ) इंटर कॉलेज के प्रबंधक आदित्य गौड़ उर्फ अनुज शर्मा पुत्र स्व. डॉ चेतराम शर्मा (27) कस्बे के रामलीला मैदान स्थित अपने आवास से महिंद्रा क्वांटो गाड़ी से मित्र दीपक पुत्र स्वदेश पाल निवासी रसूलपुर के साथ कॉलेज जा रहे थे। वह स्वयं गाड़ी चला रहे थे।
आदित्य गौड़ जैसे ही अपने विद्यालय के समीप पहुंचे तभी टप्पल की ओर से आए दो बाइक सवार युवकों ने उनकी कार की एक साइड में बाइक लगा दी। बाइक में पीछे बैठे युवक ने पिस्टल से आदित्य गौड़ पर गोलियां चलाईं। यह देखकर स्कूल प्रबंधक ने कार की स्पीड बढ़ा दी तो एक गोली ड्राइवर सीट के पीछे से शीशे को आर पार कर निकल गई। दूसरी गोली ड्राइवर सीट के पिछले हिस्से में धंस गई। तीसरी गोली हवा में और चौथी गोली गाड़ी के बाहरी हिस्से में लगी।
इस हमले से दहशत में आए स्कूल प्रबंधक की तेज रफ्तार का स्कूल की बाउंड्री तोड़ते हुए विद्यालय के अंदर घुस गई। उधर हमलावर भाग निकले। टप्पल थानाध्यक्ष संजय पांडेय के अनुसार स्कूल प्रबंधक ने दी गई तहरीर में कहा है कि उनका एक मुकदमा अभय उर्फ भोला पुत्र धर्मेंद्र उर्फ पप्पी निवासी घरबरा से चल रहा है। अभय इसी में रंजिश मानता है।
उसी ने एक अज्ञात के साथ हमला किया। आदित्य गौड़ के अनुसार 22 अप्रैल 2016 को भी आरोपी ने उन पर जान से मारने की नीयत से फायर किया था, जिसमें गोली बगल से निकल गई थी। इस मामले में आरोपी एक माह जेल में भी रहा था।