फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अतराैली में पूर्व सपा प्रवक्ता पंखुड़ी पाठक व टीम पर हमला, दौड़ाकर पीटा, गाड़ियां क्षतिग्रस्त

Mon, 08 Oct 2018 01:59 AM IST
क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
विज्ञापन
विकास की आस जगाते घर-घर घूम रहे राजीव - फोटो : Rupesh
विज्ञापन
हरदुआगंज में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए छह सिलसिलेवार हत्याओं के आरोपी बदमाश मुस्तकीम और नौशाद के परिजनों से मिलने पहुंचीं सपा की पूर्व प्रवक्ता पंखुड़ी पाठक, मंगल पांडे सेना के अध्यक्ष अमरेश मिश्रा और उनकी टीम पर शनिवार दोपहर भीड़ ने हमला बोल दिया। इस दौरान बजरंग दल के कुछ कार्यकर्ता भी हमले में शामिल रहे।
विज्ञापन



पथराव करते हुए सभी को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। उनकी गाड़ियों में तोड़फोड़ करते फूंकने की कोशिश की गई। मौके पर पहुंचे सीओ प्रशांत सिंह व सीओ बरला एके चौधरी ने फोर्स के साथ भीड़ को खदेड़ा। हमले में पंखुड़ी पाठक के साथ आए अमरेश मिश्रा व प्रवीन यादव समेत अन्य लोगों के चोटें आई हैं। उनके कपड़े तक मारपीट के दौरान फट गए। काफी देर तक हंगामा होता रहा।


 शनिवार दोपहर करीब दो बजे सपा की पूर्व प्रवक्ता पंखुड़ी पाठक, मंगल पांडे सेना के अध्यक्ष व बुलेट राजा फिल्म लेखक अमरेश मिश्रा अतरौली पहुंचे। उन्होंने पुलिस मुठभेड़ में मारे गए मुस्तकीम और नौशाद के परिजनों से मुलाकात की। हालांकि घर पर मुस्तकीम की पत्नी हिना और बच्चे ही मिले। उन्होंने हिना से घटना का पूरा विवरण लिया।
विज्ञापन



हिना ने बताया कि पुलिस दबिश देकर मुस्तकीम और नौशाद को उठाकर ले गई थी और माछुआ में एनकाउंटर दिखाते हुए मार डाला। इसी दौरान वहां बजरंग दल से जुड़े लोग भी आ गए। उन्होंने एतराज जताते हुए कहा कि बदमाशों की पैरवी से पूर्व छह लोग जिनकी हत्याएं इन बदमाशों के द्वारा की गई हैं, क्या कोई नेता उनके परिजनों से मिला, उनके परिजनों का दुख दर्द जाना। इस बात पर कहासुनी होने लगी और देखते ही देखते वहां मौजूद काफी संख्या में भीड़ भड़क गई। कुछ ही देर में लात घूंसे चलने शुरू हो गए। 


पंखुड़ी पाठक और उनके साथी जान बचाकर भागने लगे। पब्लिक ने दौड़ा दौड़ाकर सबको जमकर पीटा। पंखुड़ी पाठक से भी जमकर धक्का मुक्की व हाथापाई हो गई। जब वह लोग अपनी गाड़ियों में बैठकर जाने लगे तो लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। गाड़ियों में तोड़फोड़ शुरू हो गई। आग लगाने तक की कोशिश की गई।


कुछ स्थानीय दुकानदार सुरक्षा कवच बनते हुए जैसे तैसे पंखुड़ी पाठक को कार से निकालकर बचाते हुए अपने साथ ले गए। सूचना पर लैपर्ड पर दो पुलिस कर्मी भी पहुंच गए और झगड़े को शांत करने की कोशिश की मगर लोगों के सामने उनकी एक न चली। पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में भी पंखुड़ी पाठक व अमरेश मिश्रा की टीम पर लोगों का हमला जारी रहा।


सूचना मिलने पर सीओ प्रशांत सिंह, सीओ बरला एके चौधरी भारी मात्रा में फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने भीड़ को खदेड़ा। पुलिस ने जैसे तैसे उनकी गाड़ियों को निकलवाया। कॉलेज रोड स्थित बरी के अड्डे पर हो रहे पथराव व मारपीट से महिला और बच्चों की घिग्गी बंध गई। लोगों ने अपने घरों में खुद को कैद कर लिया। स्कूली बच्चे दुकानों में छिप गए।


शहर में मची भगदड़, धड़ाधड़ गिरे शटर
 दो समुदायों की बीच झगड़े की अफवाह उड़ने से शहर में भगदड़ मच गई। वैसपाड़ा से लेकर राठी चौराहा व कॉलेज रोड तक की दुकानों के धड़ाधड़ शटर गिरने लगे। बाद में पुलिस फोर्स के पहुंचने के बाद लोगों को घटना की जानकारी हुई तब जाकर बाजार खुला। शहर में माहौल अब भी गर्म है। झगड़े की संभावना को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। देहात तक से भी लोग मोबाइल फोन पर घटना की जानकारी लेते रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें