25 जनवरी की सुबह स्कूल के लिए घर से निकलने के बाद गायब हुई कक्षा चार की छात्रा का शव आज उसी के गांव के बाहर एक खेत में कंकाल के रूप में मिला। खेत में लाहा की कटाई चल रही थी, तभी कंकाल नजर आने पर गांव से थाने तक शोर पहुंच गया।
मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। इंस्पेक्टर खैर जसपाल पंवार के साथ ही सीओ ओपी सिंह भी पहुंच गए। कंकाल पर स्कूल ड्रेस से उसकी पहचान हुई। बेटी का कंकाल देख माता-पिता फूट-फूटकर रो पड़े। चर्चा है कि बलात्कार के बाद किशोरी की हत्या कर शव को फेंक दिया गया होगा।
कंकाल सहित मौके से पुलिस को कई अवशेष मिले हैं। मौके पर एक ईंट भी मिली है, जिससे हत्या किए जाने की आशंका है। कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही फोरेंसिक एवं डीएनए जांच के लिए भी अवशेष भेजे गए हैं।
सीओ ओपी सिंह ने कहा कि हो सकता है कि किशोरी से बलात्कार किया गया हो, और फिर राज छिपाने के लिए हत्या कर शव फेंका गया हो। बलात्कार की पुष्टि पोस्टमार्टम के साथ ही फोरेंसिक जांच से ही स्पष्ट हो सकेगी। उधर पुलिस ने इस मामले में बहला फुसलाकर भगा ले जाने के पहले से दर्ज मुकदमे में हत्या एवं पाक्सो एक्ट की धाराएं भी बढ़ा दी हैं।
बताते हैं कि मंगलवार शाम चार बजे मुनेश नाम का व्यक्ति अपने खेत में मजदूरों से लाहा की फसल कटवा रहा था। तभी उन्हें कपड़े पहने कंकाल व हड्डियां दिखाई दीं।
बताते चलें कि 25 जनवरी की सुबह 10 वर्ष की यह किशोरी घर से स्कूल के लिए निकली थी। वहीं से अपनी सहेली के साथ सहेली के भाई को खाना देने के लिए गांव के बाहर स्थित मंदिर तक गई थी। मंदिर के पास बाबी नामक युवक मिला था। उसने किशोरी को समोसा खिलाया और फिर भूसा उठवाने की बात कहकर अपने साथ ले गया। तब से किशोरी लापता थी।
पिता की ओर से उक्त युवक के खिलाफ बहला फुसलाकर बेटी को भगा ले जाने की रिपोर्ट अपहरण की धारा में दर्ज करवाई गई थी। आरोपी युवक दो बच्चों का पिता है, और किशोरी के गायब होने के बाद से फरार है। किशोरी का कंकाल जिसने भ्ाी देखा उसी के मुंह से सिसकारियां निकल पड़ीं।