शुक्रवार की सुबह करीब नौ बजे थाना क्षेत्र के ग्राम चिंता की नगरिया के समीप पशुओं की खरीद फरोख्त कर रहे तीन व्यापारियों को बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने घेर लिया। तमंचे के बल पर इन व्यापारियों से एक लाख रुपये लूट लिए। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी, जिससे व्यापारी डर गए। लूटपाट कर धमकी देते हुए बदमाश हीरपुर गांव की ओर भाग निकले। पीड़ित व्यापारियों की ओर से थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
पाइंदापुर गांव निवासी बनी सिंह के अनुसार वह हसनगढ़ निवासी अपने साथी मुनीम और रसीद खां के साथ मिलकर पशुओं का व्यापार करते हैं। शुक्रवार को पींजरी की पशु पैंठ में पशुओं की खरीद फरोख्त के लिए निकले थे। रास्ते में गांव चिंता की नगरिया होकर जा रहे थे, तभी एक पशुपालक अपना भैंसा बेचने के लिए जाते हुए जंगल में मिला।
वह लोग पशुपालक से भैंसे का सौदा करने लगे। तभी बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने घेरकर तमंचे के बल पर उनके पास मौजूद एक लाख रुपया लूट लिया। सूचना पर कार्यवाहक थाना प्रभारी प्रदीप मलिक मौके पर पहुंचे। बदमाशों की तलाश में पुलिस गांव के रास्तों पर दौड़ी लेकिन कोई हाथ नहीं लगा।
पैंठ से पहले पशु खरीदने में लुटे
ग्रामीणों के अनुसार पशु पैंठ वाले दिन अक्सर पशु व्यापारी चिंता की नगरिया के रास्ते पर ही पशुपालकों को रोककर उनसे पशुओं की खरीद फरोख्त करते हैं।
इससे पैंठ की फीस बच जाती है। पैंठ फीस बचाने के फेर में ही लूट की यह वारदात हो गई।
- पशु व्यापारियों से हुई लूट की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बदमाशों की तलाश की जा रही है। जल्द ही बदमाशों को पकड़ा जाएगा। - प्रदीप मलिक, कार्यवाहक थाना प्रभारी।