महानगर के थाना बन्नादेवी के बरौला पुल के पास शुक्रवार रात को एएमयू के एक छात्र पर उसके मोहल्ले के ही युवकों ने हमला कर दिया। युवकों ने छात्र की बाइक में लात मारकर उसे गिरा दिया। इसके बाद उसे सूतमिल चौराहे के पास स्थित पानी की टंकी के नजदीक ले गए। वहां मारपीट कर दी। साथ ही फायरिंग भी कर दी।
छात्र की चीखपुकार सुन वहां से गुजर रहे एक वकील ने दौड़कर छात्र को युवकों के चुंगल से छुड़ाया। छात्र के हाथ और पैर में गंभीर चोटें लगी हैं। फायरिंग के दौरान एक छर्रा हाथ और एक गर्दन में लगा है। छात्र के परिजनों ने थाना पुलिस को इस मामले में हमलावरों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।
सौरभ प्रताप पुत्र अशोक कुमार थाना बन्नादेवी के चूहरपुर मोहल्ले में रामश्री मंदिर वाली गली में रहता है। परिजनों के अनुसार वह एएमयू से बीई तृतीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा है। शुक्रवार को वह विवि से बाइक पर सवार होकर वापस आ रहा था। बरौला पुल के पास उसको क्षेत्र के ही छह युवकों ने घेर लिया। उसकी बाइक में लात मारकर उसे गिरा दिया।
गिरते ही उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पीटते हुए बाइक पर बैठाकर सूतमिल चौराहे के पास पानी की टंकी के पास ले गए। वहां ले जाकर उसके साथ मारपीट करना शुरू कर दिया। इस दौरान हमलावरों में से एक ने फायरिंग भी कर दी। फायरिंग में एक छर्रा छात्र की गर्दन और एक हाथ में लगा है।
सौरभ की चीखपुकार सुन वहां से गुजर रहे एक अधिवक्ता ने उसे हमलावरों के चुंगल से छुड़ाया। इसके बाद परिजनों को सूचित किया। सूचना पर परिजन पुलिस सहित मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बेटे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही हमलावरों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। बन्नादेवी इंस्पेक्टर के अनुसार तहरीर के आधार पर मामले में कार्रवाई की जा रही है। हमलावरों की तलाश जारी है।