महानगर के खैर रोड जलालपुर इलाके में शनिवार को एक व्यक्ति ने चार साल की मासूम से दुष्कर्म कर डाला। खास बात है कि यह सब खुद बच्ची के पिता ने जब अपनी आंखों से देखा तो उसका खून खौल उठा और आरोपी को दबोच कर पब्लिक के हवाले कर दिया। आक्रोशित भीड़ ने आरोपी को जान से मारने की कोशिश की। किसी तरह पुलिस ने भीड़ के चंगुल से आरोपी को छुड़ा कर अपने कब्जे में लिया।
खैर रोड जलालपुर इलाके के एक मजदूर परिवार की बच्ची दुपहर में घर के बाहर खेल रही थी, तभी बच्ची को करीब 36 साल उम्र का पड़ोसी बातों में उलझाकर अपने घर ले गया और बच्ची के साथ दुष्कर्म करने लगा।
इसी बीच किसी तरह अचानक बच्ची का पिता मजदूरी से घर लौट आया और मां द्वारा बच्ची के गायब होने की बात जब पिता को बताई तो वह बेटी को तलाशते हुए पड़ोसी ज्ञानी के घर में घुस गया। अंदर जाकर उसने देखा कि आरोपी बेटी संग गंदी हरकत कर रहा था। इस पर बेटी के पिता का पारा सातवें आसमान पर चढ़ गया। उसने देखते ही आरोपी को पीटना शुरू कर दिया और शोर मचा दिया।
शोरशराबे पर पब्लिक एकत्र हो गई और आरोपी को दबोचकर उसे बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। उसे जान से मारने तक का शोर मचाया जाता रहा। मगर इसी बीच सूचना पर एसओ देहली गेट मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पब्लिक से बचाकर ज्ञानी को पकड़ लिया गया और थाने ले आए। एसओ के अनुसार आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बच्ची को परीक्षण के लिए भेजा गया है। बाकी कार्रवाई जारी है।