मडराक क्षेत्र में आगरा रोड स्थित कोठिया मोड़ पर शुक्रवार शाम हुई सड़क दुर्घटना में बाइक सवार कार मैकेनिक की मौत हो गई। वाकया उस समय हुआ, जब बाइक सवार आगरा से अपने घर सारसौल लौट रहा था। तभी एक ट्रक की टक्कर से अनियंत्रित हुई कार बाइक सवार को रौंदते हुए सड़क सहारे पलट गई। दुर्घटना में कार सवार दो युवक जख्मी हुए। इसी बीच वहां पहुंचे विधायक अनिल पाराशर ने पुलिस को खबर देकर बुलाया और एंबुलेंस की मदद से सभी को जिला अस्पताल भेजा। जहां कार मैकेनिक को मृत घोषित कर दिया गया।
सात भाई बहनों में चौथे नंबर का 35 वर्षीय विशेष उर्फ टीटू पुत्र बांकेलाल साईं विहार सारसौल बन्नादेवी कार मैकेनिक था। वह किसी काम से आगरा गया था और शाम करीब 5 बजे बाइक से ही लौट रहा था। तभी कोठिया मोड़ पर अनियंत्रित कार पहले ट्रक से टकराई और फिर बाइक को रौंदती हुई पलट गई। दुर्घटना में कार सवार विवेक निवासी दयालबाग, आगरा व देवा निवासी-गांधी पार्क घायल हो गए और विशेष की मौत हो गई। इसी बीच वहां से निकल रहे विधायक अनिल पाराशर रुक गए।
उन्होंने तत्काल राहत कार्य कराते हुए सभी को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। साथ ही विशेष की जेब में मिले कागज पर अंकित नंबर से उसके परिवार को सूचना दी। इस दौरान ट्रक चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। एसओ मडराक के अनुसार विशेष की मौत हो गई है।