कासिमपुर से लिफ्ट देकर बाइक पर बैठाकर ले जाई गई किशोरी को बेहोश कर अलीगढ़ व हाथरस के दो युवकों ने रेप किया। मंगलवार तड़के आरोपी बाइक पर बैठा कर उसे कहीं ले जा रहे थे कि रेलवे रोड पर किशोरी ने शोर मचा दिया। यह सुनकर एकत्रित हुई भीड़ ने आरोपियों को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया गया। आरोपियों के दूसरे संप्रदाय से होने की खबर पाकर निवर्तमान मेयर सहित अन्य भाजपाई भी पहुंच गए। बाद में दोनों आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया।
वाकया मंगलवार तड़के करीब छह बजे का है। जब रेलवे रोड पर दो युवकों के बीच में बाइक पर सवार एक किशोरी ने शोर मचाया तो राहगीर व स्थानीय लोग एकत्रित हो गए। किशोरी ने आरोप लगाया कि दोनों युवक उसे अगवाकर ले जा रहे हैं। बस फिर क्या था, लोगों ने उन दोनों युवकों को दबोच लिया और सूचना देहलीगेट पुलिस को दे दी।
देहलीगेट पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। तभी पता चला कि किशोरी कासिमपुर की है और आरोपी दूसरे संप्रदाय के हैं। इस पर देहलीगेट थाने में भाजपा नेता एकत्रित हो गए, जहां से किशोरी को महिला थाने ले जाया गया।
वहां भाजपा नेता कृष्णा गुप्ता व निवर्तमान मेयर शकुंतला भारती को किशोरी ने बताया कि वह कासिमपुर से सोमवार को हाथरस अपनी ननिहाल जाने के लिए सड़क पर खड़ी थी, तभी उन दोनों युवकों ने कहा कि वह हाथरस जा रहे हैं, उसे छोड़ देंगे। वह उनके झांसे में आ गई और उनकी बाइक पर सवार हो गई।
इसके बाद दोनों ने नशीला रुमाल सुंघाकर उसे बेहोश कर दिया। जब उसे होश आया तो वह ऊपरकोट इलाके में एक कमरे में थी। उसके कपड़े अस्त व्यस्त थे। उसके साथ गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया गया था। इसके बाद तड़के ऊपरकोट से उसे फफाला की ओर ले जाया जा रहा था, तभी किशोरी के शोर मचाने पर दोनों युवक पकड़ लिए गए।
एसओ देहली गेट अनुज कुमार के अनुसार किशोरी तहरीर के आधार पर देहलीगेट थाने में सोहेल पुत्र शाबुद्दीन निवासी कस्बा व थाना बरला, इमरान पुत्र रफीक निवासी छोटा नवीपुर मोला शाप फैक्ट्री कोतवाली, हाथरस के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। बाद में किशोरी के परिजनों को बुला लिया गया।