क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के कवेला मोड़ पर शनिवार की रात को वाहनों की चेकिंग कर रही कोतवाली पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह के तीन सदस्यों को दबोच लिया। पकड़े गए तीनों चोरों के पास से चोरी की होंडा सिटी और दो सेंट्रो कार सहित एक किलो नशीला पाउडर बरामद किया। पुलिस ने तीनों चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
एसपी सिटी अभिषेक के अनुसार कवेला रोड पर रात करीब 12 बजे चेकिंग के दौरान पुलिस को मथुरा बाईपास की ओर से आती तीन कार दिखाईं दीं। पुलिस को देख कारों को मोड़कर भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर कारों को रोक लिया। तीन कारों से तीन चोर दबोचे गए। चोरों में फईमुद्दीन पुत्र फकरुद्दीन निवासी शांति नगर, बुलंदशहर, शाहरुख पुत्र अहमद निवासी रोहंदा, अरनिया. बुलंदशहर और भेदू पुत्र संतरा निवासी घिरोर, मैनपुरी के तौर पर हुई है। हाल में यह तीनों एक साथ बुलंदशहर में रह रहे थे।
पूछताछ में इन्होंने बताया कि वह दिल्ली, बुलंदशहर, मेरठ से कार चुराते थे। पकड़ी गई होंडा सिटी कार भी दिल्ली, सेंट्रो कार हाथरस से चुराई थीं। तीनों कारों को यह बेचने के लिए ले जा रहे थे। इनका पुराना पुलिस रिकार्ड भी खंगाला जा रहा है। पूछताछ में इन्होंने गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में भी बताया है। उन दबोचने की भी कोशिश जारी है। चोरों को पकड़ने वाली टीम में एसएचओ राजीव सिरोही, एसएसआई उमेश कुमार, एसआई मोनू कुमार, इशाक हुसैन, केशव सिंह, संदीप कुमार शामिल रहे।