क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के प्रमुख लोहा कारोबारी लक्ष्मी स्टील्स के स्वामी व उनकी बेटी को हरियाणा की गुड़गांव पुलिस उठाकर ले गई है। उनके खिलाफ हरियाणा पुलिस को दामाद के साथ धोखाधड़ी कर उसके डिजिटल साइन और कोड लेने के मुकदमे में साक्ष्य मिले हैं। इसी आधार पर यह कार्रवाई की गई है। हालांकि देर रात गुड़गांव ले जाकर पुलिस द्वारा उनसे पूछताछ की जा रही थी। क्वार्सी पुलिस ने बाप-बेटी को हरियाणा पुलिस द्वारा हिरासत में ले जाने की पुष्टि की है।
सुरेंद्र नगर बैंक कॉलोनी निवासी विमल जिंदल आगरा रोड की फर्म लक्ष्मी स्टील कंपनी के मालिक हैं। उनकी बेटी मिताली अग्रवाल की शादी गुड़गांव के इंजीनियर अजय अग्रवाल से हुई थी।
मिताली और अजय के बीच विवाद शुरू हुआ तो मिताली अपने मायके में आकर रहने लगी। इसी बीच विमल जिंदल ने अपने सीए के माध्यम से अजय अग्रवाल की आय का ब्यौरा पता करने को कहा। इस पर सीए ने अजय का डिजिटल साइन और कोड की मांग की।
आरोप है कि मिताली ने इस संबंध में एक प्रार्थना पत्र दिया और कहा कि उनके पति विदेश गए हैं, इसलिए उसे कोड तथा उनके डिजिटल साइन की आवश्यकता है। इस पर मिताली को डिजिटल साइन और कोड दे दिया।
इधर, अजय अग्रवाल को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने गुड़गांव के पालम विहार सेक्टर 22 थाने में अप्रैल 2017 में धोखाधड़ी समेत आईटी की धाराओं के तहत अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच की तो वह सीए तक पहुंच गई।
सीए से पूछताछ की तो उसने बाप-बेटी के कहने पर यह करना बता दिया। बस फिर क्या था पुलिस ने दोनों को नोटिस जारी कर गुड़गांव तलब किया। मगर कई नोटिसों के बाद भी यह नहीं गए।
सोमवार को उन्हें टीम यहां से हिरासत में लेकर चली गई। एसएसआई क्वार्सी दिनेश कुमार के अनुसार दोनों को फ्राड व आईटी के मुकदमे में आरोपी होने के कारण गुड़गांव पुलिस हिरासत में अपने साथ ले गई है। देर रात तक वहां उनसे पूछताछ जारी थी।