क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
युवती ने जिसके लिए जग छोड़ा था, वही उससे छुटकारा पाने के लिए उसकी जान का दुश्मन बन गया था। यह खुलासा गांधीपार्क इलाके में युवती की गर्दन पर ब्लेड मारकर जख्मी करने के आरोपी प्रेमी ने मंगलवार को गिरफ्तारी के बाद किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जिसने पूछताछ में यह बात स्वीकारी कि युवती उससे शादी की जिद पर अड़ी थी। वह उससे छुटकारा पाना चाहता था। इसी प्लानिंग के तहत उसने अपने रिश्ते के भाई की मदद से उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची। मगर हमले में वह बच गई। पुलिस ने आरोपी प्रेमी को जेल भेज दिया है और उसके रिश्ते के भाई की तलाश चल रही है। वहीं जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती युवती की हालत में लगातार सुधार हो रहा है।
एसपी सिटी अभिषेक ने मंगलवार को अपने कार्यालय में प्रेसवार्ता में बताया कि अकराबाद क्षेत्र की युवती सोमवार सुबह कमालपुर इलाके में जख्मी हालत में बेहोश मिली थी। उसे पुलिस ने मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था, जहां उसने पूछताछ में अपने प्रेमी व उसके रिश्ते के भाई पर ब्लेड से गर्दन पर हमला करने का आरोप लगाया था। इस पर गांधीपार्क पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी प्रेमी राज उर्फ रिजवान निवासी अधोन अकराबाद की तलाश करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दिल्ली के द्वारका में रहकर वहीं सिलाई का काम करता है। युवती 21 जनवरी 2019 को उसके पास पहुंची। वहां दोनों की मुलाकात हुई और युवती उस पर शादी करने का दबाव बनाने लगी। इस पर वह उससे पीछा छुड़ाने की प्लानिंग बनाने लगा। इसी कड़ी में उसने युवती को दिल्ली से अपने मामा के बेटे बबलू उर्फ इसरार निवासी मंडलपुर जलेसर एटा की मदद से दिल्ली से यहां अलीगढ़ बुलवाया। इसके बाद वही उसे बाइक पर लेकर घटना स्थल पर पहुंचा, जहां मारने के इरादे से उसकी गर्दन पर ब्लेड से हमला किया गया। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी प्रेमी जेल भेज दिया है। उसके साथी की तलाश चल रही है। इस मौके पर सीओ संजीव दीक्षित मौजूद रहे। गिरफ्तारी इंस्पेक्टर धीरेंद्र मोहन शर्मा के नेतृत्व में की गई।