न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
नगरीय विद्युत वितरण खंड प्रथम के अंतर्गत एक अवर अभियंता और एसडीओ में जमकर तू-तू मैं मैं हुई। यह काम एसडीओ के कार्यालय में बकाया जमा करके कनेक्शन जुड़वाने आए उपभोक्ता की मौजूदगी में हुआ। घटना के बाद जूनियर इंजीनियर संगठन में आक्रोश फैल गया और उन्होंने लाल डिग्गी स्थित विभाग के कार्यालय पहुंच कर जमकर नारेबाजी की। बाद में पीड़ित जेई ने अधिशासी अभियंता प्रथम को लिखित में शिकायत दी। मामले में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया है। घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है।
संबंधित जेई द्वारा की गई शिकायत में कहा है कि एक उपभोक्ता का बकाया होने पर कनेक्शन काटा गया था। जिसके बाद उपभोक्ता ने बकाये का पार्ट पेमेंट जमा कर दिया। बताया गया है कि संबंधित जेई को एसडीओ ने बुलाया और कनेक्शन को जुड़वाने के लिए कहा। इस पर जेई ने कहा कि इसके लिए विभागीय औपचारिकताएं पूरी करा दी जाएं। इसके बाद विभागीय प्रक्रिया को लेकर दोनों पक्षों में वाद विवाद हो गया। उपभोक्ता के सामने ही दोनों पक्ष एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाने लगे। इस घटना क्रम का वीडियो भी बनने लगा।
जूनियर इंजीनियर संगठन के प्रचार सचिव संदीप वार्ष्णेय ने बताया कि यहां से घटनाक्रम समाप्त होने के बाद सभी पदाधिकारी और जेई लाल डिग्गी स्थित कार्यालय पर पहुंचे। यहां पर नारेबाजी के बाद अधिशासी अभियंता प्रथम को लिखित में शिकायत दी गई है। जिसमें आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया है।
दोनों पक्षों में विभागीय प्रक्रिया को लेकर वाद विवाद का मामला है। दोनों पक्षों को बैठाया जाएगा। विभाग में आपस में बहुत सी बातें होती हैं। इस प्रकरण को संज्ञान में लिया है। पूरे मामले का अध्ययन कर आगे कदम उठाया जाएगा।
- पी राम, अधिशासी अभियंता, नगरीय विद्युत वितरण खंड प्रथम