क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
थाना सासनी गेट के सराय सुल्तानी इलाके के एक अपराधी को दबोचने पहुंची पुलिस ने अपराधी के बड़े भाई की बेटियों के साथ अभद्रता कर दी। आरोप है कि पुलिस सिविल ड्रेस में दबिश देने गई थी। दबिश की सूचना पर अपराधी तो भाग गया। छानबीन के आधार पर पुलिस उसके बड़े भाई के घर पर पहुंच गई। वहां मौजूद बड़े भाई की बेटियों के साथ अभद्रता कर दी। इस मामले की शिकायत युवतियों के पिता ने एसएसपी से की है।
एसएसपी कार्यालय पर पहुंचे शिकायतकर्ता ने बताया कि उनका भाई अपराधी किस्म का है। जिसकी पुलिस को तलाश है। बुधवार को सिविल ड्रेस में कुछ पुलिसकर्मी उसके घर पहुंचे थे। मगर, उनके पहुंचने की सूचना पाकर वह भाग गया। पुलिस ने छानबीन कर पास ही स्थित हमारे घर का पता लगाया और आकर पूछताछ करने लगी। आरोप है कि जब उनसे भाई से किसी भी प्रकार का संबंध न होने और लंबे समय से उनसे अलग रहने की बात कही तो उन्होंने बेटियों के साथ अभद्रता कर दी।
गाली-गलौच कर अश्लील भाषा का इस्तेमाल करने लगे। एसएसपी ने शिकायतकर्ता को आश्वासन दिया कि मामले की जांच करा आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है सिविल ड्रेस में एसओजी की टीम दबिश देने पहुंची थी। हालांकि थाना पुलिस इस बात की पुष्टि नहीं कर रही है।