क्राइम न्यूज, अमर उजाल, अलीगढ़
अलीगढ़। दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम से संबद्ध फ्लूटांग्रेड लिमिटेड कंपनी के प्रबंधक ने कुछ लोगों पर शनिवार की दोपहर 12.30 बजे वैष्णोधाम कालोनी स्थित अपने कार्यालय में घुसकर मारपीट करने तथा मोबाइल, लैपटॉप आदि सामान तोड़ने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने गांधी पार्क थाने में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए तहरीर दी है।
इलाहाबाद के धूमनगंज निवासी रजनीकांत त्रिपाठी दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम से संबद्ध फ्लूटाग्रेड लिमिटेड कंपनी के प्रबंधक है। उनकी कंपनी विद्युत विभाग के मीटरों की रीडिंग लेने का कार्य करती है। इस कार्य के लिए उन्होंने वैष्णोधाम कालोनी में ऑफिस बना रखा है। शनिवार को कुछ नामजद युवक कार्यालय में घुसे और गाली गलौज करने लगे।
विरोध करने पर मारपीट तथा सामान की तोड़फोड़ कर दी। इस दौरान कुछ कर्मचारियों ने बचाने का प्रयास किया तो उनके साथ भी मारपीट की। पीड़ित के अनुसार आरोपी कुछ दिनों से चौथ वसूली के लिए धमकी दे रहे थे। चौथ न देने पर उन्होंने कार्यालय में घुसकर मारपीट तथा तोड़फोड़ की। पीड़ित ने नामजदों के खिलाफ गांधी पार्क थाने में तहरीर दी है। पुलिस प्रबंधक की तहरीर पर मामले की जांच में जुट गई है।