क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के गांधी पार्क थाना क्षेत्र स्थित मामू भांजा मार्केट में मोबाइल की दुकान पर बैठे दुकानदार को दबंगों ने मारपीट कर घायल कर दिया। दबंगों ने लाठी डंडों से दुकान में तोड़फोड़ भी कर दी। इस दौरान दुकानदार की सोने की चेन भी तोड़ ली। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।
मामू भांजा मार्केट स्थित गर्ग मोबाइल गैलरी के स्वामी हेमंत गर्ग पुत्र अशोक गर्ग शनिवार की शाम को दुकान पर बैठे थे। तभी वहां गोल्ड स्टार इलेक्ट्रानिक्स का मालिक मनोज कुमार वार्ष्णेय उर्फ लकी पुत्र स्व. भगवान दास आया।
उसने आते ही हेमंत गर्ग की दुकान पर काम करने वाले अमित तिवारी से गाली गलौज करना शुरू कर दिया। हेमंत गर्ग ने विरोध किया तो दबंग अपने साथियों के साथ उनके साथ भी गाली गलौज करने लगा। पीड़ित का आरोप है कि दबंग ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनके ऊपर तमंचा ताल दिए और लाठी डंडों से दुकान में तोड़फोड़ की।
इसी दौरान उनकी गले से सोने की जंजीर भी टूट गई। पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पुलिस पहुंचती इससे पहले ही मारपीट करने वाले भाग गए। पीड़ित ने थाने में नामजदों के खिलाफ तहरीर दी है।